Auraiya News: बिजली गुल होने से लोग परेशान, कई मोहल्लों में छाया अंधेरा, सबस्टेशन पहुंच महिलाओं ने किया हंगामा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

औरैया में बिजली गुल होने से लोग परेशान।

औरैया के भीखमपुर मोहल्ले में 24 घंटे से बिजली नहीं आ रही है। जिससे परेशान होकर महिलाओं ने सबस्टेशन पहुंचकर हंगामा किया। अवर अभियंता के पहुंचने के बाद मामला शांत हो सका।

औरैया, अमृत विचार। शहर के भीखमपुर मोहल्ले में 24 घंटे से बिजली नहीं आ रही है। एक सप्ताह पहले से यहां के लोग बिजली की आंख मिचौली से परेशान थे। शनिवार को ट्रांसफार्मर फुंक गया और लोग गर्मी से बेचैन दिखे। रविवार की सुबह मोहल्ले के करीब एक दर्जन महिलाएं विद्युत सब स्टेशन पहुंच गई और जमकर हंगामा किया। बाद में अवर अभियंता के पहुंचने के बाद मामला शांत हो सका। 

शहर के भीखमपुर मोहल्ला में पिछले एक सप्ताह से बिजली की आंख मिचौली से लोग परेशान हैं। शनिवार को मोहल्ला का ट्रांसफार्मर फुंक गया। लोगों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से इसकी शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। वहीं, बिजली न आने की वजह से लोग पानी के लिए भी परेशान नजर आए। जब रविवार को बिजली आपूर्ति नहीं आई तो लोगों का सब्र टूट गया।

करीब एक दर्जन महिलाएं विद्युत सब स्टेशन पहुंची और हंगामा करना शुरू कर दिया। मामला बढ़ते देख वहां मौजूद कर्मचारी मौके से भाग निकले। करीब दो घंटे तक महिलाएं हंगामा करती रहीं। महिलाओं का आरोप था कि विभाग की ओर से लगातार लापरवाही की जा रही है।

कई बार शिकायत किये जाने पर भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। मामला बढ़ते देख अवर अभियंता मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। एक्सईयन ने बताया कि ट्रांसफार्मर फुंक जाने के कारण आपूर्ति बाधित हुई थी। जल्द ही ट्रांसफार्मर बदलवा दिया जाएगा।

संबंधित समाचार