हरदोई में पूरे दिन रही कांवड़ियों की धूम, जिला पंचायत अध्यक्ष ने रवाना की यात्रा
हरदोई, अमृत विचार। सावन का महीना शुरू होते ही भगवान भोले की विशेष पूजा अर्चना प्रारंभ हो जाती है। रविवार को जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती ने पूजन अर्चन कर कांवड़ यात्रा को रवाना दिया। भोले का त्रिशूल लेकर उन्होंने कांवरियों की अगुवाई की।
भोले पर जल चढ़ाने के लिए कांवरिये पूरे महीने पवित्र नदियों से जल लाकर अभिषेक करते हैं। इसी क्रम में रविवार को पूरे दिन कांवरियों का रेला चलता रहा। दर्जनों जत्थों में कांवरिये सोमवार के दिन जलाभिषेक करने के लिए रवाना हो गए। कांवरियों का जगह-जगह लोगों द्वारा स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं द्वारा कई स्थानों पर कांवरियों को फलाहार भोजन कराया गया।
सावन का महीना शुरू होते ही कांवर यात्रा मार्गों पर दिन-रात कांवरियों का आना जाना लगता रहता है। सोमवार को भगवान शिव के विभिन्न मंदिरों में कांवर चढ़ाने का विशेष महत्व है, इसके लिए रविवार को कांवरिये अपने-अपने घरों से कांवर यात्रा लेकर निकल पड़ते हैं। ढोल नगाड़े व बैंडबाजों के साथ नाचते गाते कांवरिये पूरे वातावरण को शिवमय कर देते हैं। रात-दिन कांवर यात्रा मार्ग शिव भक्त गीतों से गुंजायमान रहता है। रास्ते में पड़ने वाले गांवों में कांवरियों का लोग स्वागत करते हैं। कई जगह भंडारे भी लगाए गए हैं। कांवर यात्रा में शिव-पार्वती के भेष में नृत्य करते कलाकार यात्रा को और भी भक्तिमय कर देते हैं। कांवर यात्रा मार्ग पर पूरे सावन माह उत्सव सा माहौल बना रहता है।
ये भी पढ़ें -वाराणसी : सावन के पांचवें सोमवार को बाबा के तपस्यारत पार्वती स्वरूप का होगा शृंगार
