UP: प्रेमी पर छात्रा ने खर्च किए दो लाख, वापस नहीं मिलने पर मिलकर रची अपहरण की साजिश, दीवारों पर लिखे राज, फिर हुआ ये सब

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में अपहरण की साजिश रचने वाले छात्रा व उसके प्रेमी को पुलिस ने बस्ती से गिरफ्तार कर लिया।

कानपुर में अपहरण की साजिश रचने वाले छात्रा व उसके प्रेमी को पुलिस ने बस्ती से गिरफ्तार कर लिया। छात्रा का मोबाइल खुलते ही पुलिस को लोकेशन मिली थी।

कानपुर, अमृत विचार। बर्रा से छात्रा अंशिका वर्मा का अपहरण का मामला पूरी तरह से पूर्व नियोजित नाटक था। दोनों को पुलिस ने बस्ती से बरामद कर लिया है। पुलिस छात्रा को अपहरण की साजिश रचने के आरोप में दोषी बनाने की तैयारी कर रही है। पता चला है कि घटना वाले दिन घर से बैंक के लिए निकली छात्रा सबसे पहले बर्रा छह स्थित प्रेमी के घर गई और वहां कमरे में प्रेमी ने उसके हाथ-बांध कर उसका वीडियो बना कर अपहरण की साजिश रची और इसके बाद दोनों घर से फरार हो गए।

प्रेमी के परिजनों ने वीडियो को देख कर उसके बैकग्राउंड से घर का कमरा होने की शिनाख्त की। प्रेमी के परिजनों ने बताया कि घटना से दो दिन पूर्व दोनों के बीच एडमिशन की फीस भरने को लेकर विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया था कि प्रेमी छात्रा को चाकू से मारने पर आमादा हो गया था।

बर्रा विश्व बैंक आई ब्लॉक निवासी नरेंद्र वर्मा की बेटी अंशिका वर्मा शुक्रवार शाम बैंक जाने के लिए छात्रा घर से निकली थी, जिसके बाद उसका अपहरण हो गया था। पुलिस जांच में छात्रा अपने प्रेमी बर्रा छह निवासी राज सिंह के साथ जाते हुए सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी। जिसके बाद पुलिस की जांच प्रेम प्रसंग की ओर घूम गई।

डीसीपी साउथ ने घटना के खुलासे के लिए पांच टीमों का गठन किया था। पुलिस ने छात्रा की सकुशल बरामदगी के लिए प्रेमी के दो भाइयों को हिरासत में ले रखा था। रविवार शाम को पुलिस को छात्रा की लोकेशन फैजाबाद से बस्ती रोड पर मिली। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर बस्ती से छात्रा व उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया। 

ऐसे पकड़े गए दोनों

एडीसीपी अंकिता शर्मा ने बताया कि शनिवार को छात्रा के परिजनों को अपहरणकर्ताओं ने फोन कर 10 लाख फिरौती की मांग की थी। परिजनों की ओर से कोई प्रतिक्रिया न मिलने के बाद छात्रा तनावग्रस्त हो गई थी और लगातार मोबाइल फोन ऑन कर मोबाइल की जांच कर रही थी। जिससे पुलिस को उसकी लोकेशन लगातार मिलती रही। उन्होंने बताया कि कानपुर के बाद सबसे पहले छात्रा व उसका प्रेमी लखनऊ गए। लखनऊ के बाद गोंडा, गोंडा से फैजाबाद व फैजाबाद से बस्ती की ओर जा रहे थे। रविवार को बस्ती की ओर रवाना होने से पहले छात्रा ने अपना मोबाइल ऑन किया, जिससे पुलिस को उसकी लोकेशन मिली। पुलिस ने बस्ती पुलिस की मदद से दोनों को हिरासत में लिया। दोनों को कानपुर लाने के बाद आगे की पूछताछ की जाएगी। 

पैसों की कमी के कारण नहीं लिया होटल

पूरे सफर के दौरान दोनों लोगों ने ट्रेन का सहारा नहीं लिया। पूरा सफर दोनों ने बस से किया। एडीसीपी ने बताया कि प्रेमी युगल के पास पैसों की कमी होने के कारण उन्होंने होटल का प्रयोग नहीं किया। लगातार मूवमेंट से दोनों पुलिस की गिरफ्त से दूर रहे।

ऐसे रचा था नाटक

प्रेमी की चाची ने बताया कि शुक्रवार शाम छह बजे छात्रा घर आई थी और सीधे प्रेमी ते कमरे में चली गई। करीब एक घंटे बाद दोनो लोग कमरे से बाहर निकले और कहीं चले गए। तबसे नहीं लौटे। पुलिस ने रविवार को प्रेमी के परिजनों से अपहरण के वीडियो के बारे में जानकारी की तो उन्हें कमरे का बैंकग्राउंड प्रेमी के कमरे से मिलता जुलता मिला। परिजनों ने बताया कि घर में पड़े सोफे की काली चादर को दीवार पर लगाकर छात्रा को बंधक बनाने का वीडियो बनाया गया है। 

छात्रा ने खर्च किए थे दो लाख

प्रेमी के परिजनों ने बताया कि प्रेमी का एक भाई गोविंद नगर थाने से चोरी के मामले में जेल गया था। जनवरी में छात्रा ने अपने खाते से दो लाख निकाल कर उसकी जमानत करवाई थी। इसके साथ ही छात्रा ने प्रेमी को आईफोन, ब्रांडेड कपड़े की खरीदारी भी कराई थी। परिजनों ने प्रेमी के महंगे फोन की जानकारी की तो उसने बताया कि छात्रा ने उसे फोन गिफ्ट दिया है।

डेढ़ वर्ष से था छात्रा का घर आना-जाना  

छात्रा का बीते डेढ़ वर्ष से प्रेमी के घर आना जाना था। प्रेमी के माता पिता की मौत के बाद दो भाई व भाभी काम पर चले जाते थे। घर पर किसी के न रहने के दौरान छात्रा रोजाना घर आती थी। एक दिन प्रेमी की भाभी घर जल्दी आ गई तो छात्रा घर पर मिली। छात्रा के बारे में पूछने पर प्रेमी का अपनी भाभी से विवाद हुआ, छात्रा ने बीच-बचाव करते हुए खुद को उसकी पत्नी बताया। इसके बाद से युवक परिजनों से अलग द्वितीय तल पर कमरे में रहने लगा। उन्होंने बताया कि इसके बाद से आए दिन छात्रा अपने छोटे भाई के साथ घर खाना लेकर आने-जाने लगी थी।

दीवारों पर लिखे मिले कई राज

रविवार को प्रेमी के कमरे में कई राज दीवारों पर लिखे मिले। कमरे में शराब की बोतलों के साथ ही प्रेमी व छात्रा का नाम लिखा मिला, दोनो नामों के बीच में दिल बना हुआ था। छात्रा ने भी दीवारों पर अपना दर्द बयां किया है। दीवार में मुझे एक तारीख तक एक लाख चाहिए भी लिखा मिला। 

आपका पूरा कर्ज मैं दूंगा

दूसरी दीवार पर लिखा है कि, आपका पूरा कर्ज मैं अपने दम पर दूंगा। इस घर में सब पैसे के भूखें हैं। सभी लोग पैसा मारना चाहते हैं बस। आपने जो मेरे लिए किया है, मैं उससे बेहतर तो आपके लिए नहीं कर सकता पर आपके अधूरे काम जरूर पूरे कर सकता हूं और करूंगा भी। मैं हमेशा आपका एहसान मंद  रहूंगा।

खुद को बंधवा कर भाई संग की थी चोरी

वर्ष 2021 में आरोपी युवक दादानगर स्थित एक फैक्ट्री में गार्ड की नौकरी करता था। उसने भाई के साथ मिलकर चोरी की थी। किसी को शक न हो इसके लिए युवक ने खुद के हाथ रस्सी से बंधवा कर फैक्ट्री में चोरी करवाई थी, पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी। इसी मामले में गोविंद नगर पुलिस ने आरोपी युवक के भाई को जेल भेजा था। जनवरी में छात्रा ने उसकी जमानत करवाई थी। ॉ

एडमिशन कराने को मांगे पैसे, हुआ विवाद

प्रेमी की चाची ने बताया कि घटना से तीन दिन पूर्व आरोपी युवक उनके कमरे में बैठा हुआ था, तभी छात्रा आई और कालेज में एडमिशन कराने के लिए पैसों की मांग की। जिसके बाद दोनों के बीच विवाद होने लगा। आरोपी युवक चाकू लेकर खड़ृा हो गया, जिसके बाद आरोपी की चाची ने छात्रा को घर से निकाला था। 

फीस व शौक पूरे करने के लिए की वारदात

वहीं प्रेमी के परिजनों के अनुसार छात्रा के एडमिशन का समय नजदीक आने पर छात्रा अपने पैसों की मांग कर रही थी जिसके कारण दोनों के बीच में विवाद जारी था। प्रेमी शराब व महंगे कपड़े  व मोबाइल का शौकीन था। परिजनों ने यह भी अंदेशा जताया कि इन्हीं जरूरतों को पूरा करने के लिए प्रेमी ने छात्रा के अपहरण की साजिश रची।

संबंधित समाचार