लखनऊ : अस्पताल का गेट बंद कर आशा बहुओं ने किया प्रदर्शन, आरोपित डॉक्टर पर एफआईआर की कर रही मांग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। राजधानी के मोहनलालगंज स्थित सीएचसी पर सोमवार को आशा बहुओं ने प्रदर्शन किया। अस्पताल के गेट पर मौजूद आशा बहु आरोपित चिकित्सक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग कर रही थीं। बताया जा रहा है कि आशा बहु को थप्पड़ मारने के बाद भी डॉक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज न होने से आशा बहुओं में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

आशा बहुएं (1)

दरअसल, कुछ दिन पूर्व मोहनलालगंज स्थित समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात एक चिकित्सक पर आशा बहु ने थप्पड़ मारने का आरोप लगाया था, लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी कोई कार्रवाई न होने से सोमवार को आशा बहुओं का सब्र टूट गया और उन्होंने प्रदर्शन का रास्ता अख्तियार कर लिया। बताया जा रहा है कि सुबह के समय आक्रोशित आशा बहुओं ने सीएचसी के मुख्य गेट बंद कर दिया और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगीं। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने कहा कि योगी सरकार में महिलायें सुरक्षित नहीं हैं। यह भी कहा कि महिलाओं का शोषण हो रहा है, अभी तक आशा बहु के साथ अभद्रता करने और थप्पड़ मारने वाले चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई और न ही एफआईआर दर्ज की गई।

वहीं आशा बहुओं के प्रदर्शन के कारण अस्पताल में करीब दो घंटे तक इलाज भी बाधित रहा। दर्जनों मरीजों को बिना इलाज ही वापस लौटना पड़ा। प्रदर्शन की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने आशा बहुओं को समझाने की कोशिश की। कार्रवाई के आश्वासन मिलने पर आशा बहुओं ने प्रदर्शन स्थगित किया। तब कहीं जाकर मरीजों का इलाज शुरू हो सका है।

आशा बहुओं का आरोप, डॉक्टर को बचाना चाह रहे कुछ लोग

प्रदर्शनकारी आशा बहुओं ने आरोप लगाया है कि विभाग के कुछ लोग आरोपित डॉक्टर को बचाना चाह रहे हैं। वहीं इस मामले का उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने संज्ञान लिया था। उन्होंने जांच कर उचित कार्रवाई करने की बात कही थी, लेकिन अभी तक आरोपित की जांच भी पूरी नहीं हो पाई है।

संबंधित समाचार