मुरादाबाद : दरोगा ने बोलकर लिखवाई तहरीर, कब्जेदार लूट ले गए नकदी-जेवर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अंबर खातून बोलीं, चौकी प्रभारी ने उनके मामले के मुख्य आरोपी बर्खास्त दरोगा जाकिर व अनीस का नाम तहरीर में छोड़ दिया, जिगर काॅलोनी में रविवार सुबह की घटना, घर में घुसी बुर्कानसी चार महिलाओं ने भी अंबर खातून को धमकाया, पकड़ा गला

मुरादाबाद, अमृत विचार। जिगर कॉलोनी में अंबर खातून (अरवर खातून) के घर रविवार की सुबह 10.15 बजे के दौरान बुर्कानसी चार महिलाओं और 10-12 पुरुषों ने जो तांडव किया है, वह वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहा है। आरोप है कि विपक्षी उनके घर में कब्जा करने की नीयत से घुसे थे। इसमें अंबर खातून फहीम को छोड़कर अन्य से अपरिचित थीं। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि सबसे पहले अंबर खातून के घर महिलाएं घुस रही हैं। पीछे से कई पुरुष आ गए हैं। ये पुरुष उनके घर में कई बोरों में भूसा डाल रहे हैं और इसी बीच एक व्यक्ति घर में खड़ी बाइक को ले जाने का प्रयास करता है लेकिन, फिर वह उसे वहीं खड़ी कर चाबी निकाल लेता है। एक व्यक्ति दीवार पर चढ़कर घर के बाहर लगा सीसीटीवी कैमरा तोड़ रहा है। दो व्यक्ति गोवंशीय पशुओं को लाकर अंबर खातून के घर के आंगन में बांध रहे हैं। एक व्यक्ति सोफा लाकर घर आंगन में रख रहा है।

अंबर खातून का कहना है कि घटना के दौरान उनका बेटा अजीम हसन खान घर पर था। उसके घर में घुसे लोगों के साथ फहीम उनसे हमदर्दी दिखाकर कह रहा था कि मैडम आप रोएं मत, आपका बेटा अजीम उसका अच्छा दोस्त है। अंबर खातून ने बताया, चार महिलाओं में एक मास्क लगाए थी, जिसे उसकी साथी सना के नाम से पुकार रही थीं। सना ने उनका गला पकड़ लिया और उनके गाल नोचकर बोली रोती है, चल मकान खाली कर...70 गज की रजिस्ट्री करा ली है बाकी जमीन अनीस की है। अंबर खातून ने बताया कि उनका बेटा अजीम सीधे स्वभाव का है, वह कुछ बोल नहीं रहा था। 

अंबर खातून सीधे सिविल लाइंस थाने पहुंची थीं। थानाध्यक्ष राम प्रसाद शर्मा ने पुलिस बल भेजा। उधर, चौकी प्रभारी अनुज सिंह ने उन्हें थाने में ही रोक लिया और प्रकरण समझने के बाद बोल-बोलकर तहरीर लिखाई लेकिन, इसमें उन्होंने जाकिर व अनीस का नाम शामिल नहीं किया। अंबर ने बताया, उन्होंने चौकी प्रभारी से कहा भी कि पहले वह घर में देख लें उसके बाद तहरीर दें। 

जिस पर अनुज ने उनसे कहा कि बाद में जो चाहेंगी वह एफआईआर में बढ़ जाएगा। अंबर ने बताया, उनके घर में घुसी महिलाएं आपस में एक-दूसरे को सना, रेशमा, नाजिया इस तरह के नाम से पुकार रही थीं। अंबर खातून ने बताया, जब वह थाने से लौटी तो देखा बेटे अजीम हसन को भी कब्जेदारों ने मारा था, उसके होठ से खून निकल रहा था। चौकी प्रभारी अनुज सिंह ने कहा, जाकिर मौके पर नहीं था। अंबर खातून ने खुद तहरीर लिखी है, हमने तो उसकी मदद की थी। कई आरोपियों के पिता के नाम हमने पूछकर लिखाएं हैं।
जेवर व 25000 रुपये लूट ले गए

अंबर खातून ने बताया कि उनके घर में कुल चार सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। इनमें से दो कैमरे कब्जा करने वालों ने तोड़ डाले हैं। उन्होंने बताया कि जब वह थाने से लौटकर घर आईं तो देखा, उनका एक पर्स गायब था। इसमें उनके सोने के जेवरात भी थे। इनमें चेन, छल्ला, दो अंगूठी, तीन तोले के दो कंगन व 25000 रुपये थे। यह जेवर व रुपये भी कब्जेदार लूट ले गए। अंबर खातून ने बताया कि उन्हें दो राउंड फायरिंग की आवाज भी सुनाई दी। घर में घुसे लोगों के हाथ में सरिया व बड़ी छुरियां थीं। ये लोग कह रहे थे वह उसके घर के आंगन में ही गोवंशीय दोनों पशुओं को काटेंगे, पुलिस आएगी तो वे लोग अंबर खातून का नाम लेंगे।

बर्खास्त दरोगा ने कोर्ट से जारी करा लिया फर्जी आदेश
अंबर खातून ने बताया, वह मूल रूप से किसरौल की रहने वाली हैं। 1991 में उन्होंने जाकिर से जिगर कॉलोनी में घर खरीदा था। जाकिर से पहले ये घर नसरुद्दीन व भूरे भी खरीद चुके थे। बताया, पड़ाेसी अनीस ने भी घर पर कब्जे के चक्कर में फर्जी मामले में पति अजीज हसन पर केस दर्ज कराया था। अनीस 20 लाख रुपये मांग रहा था। इसी के बाद उनके पति बीमार रहने लगे थे, उनकी 5 जुलाई 2022 को मौत हो गई थी। अंबर खातून ने बताया, जाकिर बर्खास्त दरोगा है। इसने उनके बेटे अजीम के विरुद्ध चेन छीनने के आरोप में केस दर्ज करा दिया था। ये केस 19 मई 2023 को कोर्ट से खारिज भी हो गया, लेकिन कोर्ट के दो कर्मियों से मिलकर जाकिर ने थाने के लिए न्यायाधीश का फर्जी आदेश बना लिया था। कोर्ट के संबंधित दाेनों कर्मी निलंबित भी हुए हैं।

खुद-बहू शिक्षक, बेटा बिजली विभाग में लेखाकार
अंबर खातून (अरवर खातून) असालतपुरा में विनातुल क्रुश इंटर कॉलेज में शिक्षक हैं। इनके एक बेटा अजीम हसन खान है, जो रामपुर जिले में बिजली विभाग में लेखाकार है और बहू तबस्सुम प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक है। बेटी अलीजा अपने पति संग श्रीनगर में रहती है। अलीजा के पति वायुसेना में हैं।

केस में ये हैं नामजद
चक्कर की मिलक का फहीम व इमरान अली, अक्का डिलारी याकूतपुर का मोहम्मद वाकर अली, रूस्तमपुर बड़मार का एहसान, नवाबपुरा नागफनी का अमान व जिकरान, सना और 45 अज्ञात।

अंबर खातून के मामले में आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज है। इनमें से अभी फहीम गिरफ्तार हुआ है। अन्य की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।- राम प्रसाद शर्मा, थानाध्यक्ष-सिविल लाइंस

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : पीली कोठी चौराहे पर दवा व्यापारी के नौकर को गोली मारी, जानिए वजह

 

संबंधित समाचार