बहराइच: बोलेरो को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, फर्नीचर व्यवसाई की मौत, साथी हुआ घायल
बहराइच, अमृत विचार। जिले के भूपगंज बाजार निवासी फर्नीचर व्यवसाई सोमवार रात को जिला मुख्यालय से बोलेरो वाहन से वापस अपने घर जा रहे थे। गोंडा बहराइच मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से फर्नीचर व्यवसाई की मौत हो गई, जबकि साथी घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पयागपुर थाना क्षेत्र के कोट बाजार निवासी अशोक विश्वकर्मा (35) पुत्र टेढ़े विश्वकर्मा फर्नीचर व्यवसाई थे। सोमवार रात को वह बोलेरो वाहन से अपने साथी मोनू विश्वकर्मा (30) पुत्र दीना के साथ जिला मुख्यालय सामान की खरीद करने के लिए आए। रात में सामान खरीदकर फर्नीचर व्यवसाई अपने साथी के साथ वापस घर जाने लगा। गोंडा बहराइच मार्ग पर कोतवाली देहात क्षेत्र के चिलवरिया बाजार में बोलेरो वाहन को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी।
रात 10 बजे हुए हादसे में अशोक विश्वकर्मा की मौत के पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरा सहयोगी घायल हो गया। आसपास के लोगों की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रभारी थाना अध्यक्ष एसके त्रिपाठी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया गया है। उन्होंने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जाएगी।
यह भी पढ़ें:-आजमगढ़ कांड: छात्रा की मौत के बाद प्रिंसिपल-टीचर की गिरफ्तारी का विरोध, सभी प्राइवेट स्कूल आज रहेंगे बंद
