आजमगढ़ कांड: छात्रा की मौत के बाद प्रिंसिपल-टीचर की गिरफ्तारी का विरोध, सभी प्राइवेट स्कूल आज रहेंगे बंद
लखनऊ, अमृत विचार। आजमगढ़ में हुई घटना को लेकर प्रिंसिपल और शिक्षक की गिरफ्तारी के विरोध में यूपी के सभी प्राइवेट विद्यालय आज मंगलवार को बंद रहेंगे। सोमवार को प्रमुख सचिव गृह और महानिदेशक स्कूल शिक्षा से वार्ता के बाद अनएडेड प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन ने इसकी घोषणा की है।
अनएडेड प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन ने पहले स्कूल खोलने का निर्णय लिया था लेकिन देर शाम को आजमगढ़ के स्कूल के प्रिंसिपल और शिक्षक की जमानत न हो पाने के बाद स्कूल एसोसिएशन ने अपनी घोषणा वापस लेते हुए एक बार फिर से मंगलवार को स्कूल बंद करने का फैसला लिया। अनएडेड स्कूल एसोसिएशन की ओर से अपनी मांगों का एक ज्ञापन मुख्यमंत्री को भी भेजा गया है।
प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद से सोमवार को मिलकर ज्ञापन सौंपने वालों में अनएडेड स्कूल एसोसिएशन बृजेंद्र सिंह, डॉ. माला मेहरा, रचित मानस और अनिल अग्रवाल शामिल रहे। इस दौरान प्रमुख सचिव गृह ने आश्वस्त किया कि निकट भविष्य में किसी भी प्रकार की घटना, दुर्घटना होने पर उसकी निष्पक्ष जांच की जाएगी।
गाइडलाइन बनाई जाएगी: विजय किरण आनंद
इस मामले पर महानिदेशक स्कूल शिक्षा विजय किरन आनंद ने बताया कि आजमगढ़ में हुई घटना के संदर्भ में अनएडेड स्कूल एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल उनसे मिला है। इन पदाधिकारियों के साथ बैठक में यह तय किया गया है कि सरकार जल्द ही ऐसे मामलों के मद्देनजर एक राज्यस्तरीय गाइडलाइन बनाएगी। ऐसे में निकट भविष्य में इस तरह की किसी भी मामले पर त्वरित कार्रवाई करने से पहले क्या सावधानी बरती जानी चाहिए और जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई हो इसके लिए एक गाइडलाइन तैयार होगी।
यह हुई थी घटना
स्कूल प्रबंधन के अनुसार आजमगढ़ के स्कूल में छात्रा के फोन लाने पर प्रधानाचार्य ने टोका तो उसने विद्यालय की बिल्डिंग से कूदकर अपनी जान दे दी। छात्रा के अभिभावकों की शिकायत पर पुलिस ने बिना छानबीन के ही स्कूल की प्रधानाचार्य और शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया। उधर अभिभावकों का कहना है कि स्कूल में ही कोई और घटना हुई है। उनकी बेटी कभी स्कूल मोबाइल लेकर आती ही नहीं थी। स्कूल प्रशासन घटना को छिपाने के लिए ये बहाना बना रहा है।
यह भी पढ़ें:-वाराणसी: सावन माह में अब तक 88 लाख शिव भक्तों ने किया काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन
