Kanpur Dehat: हेलो! रोहिंग्या ने बम रखा है… अज्ञात फोन से मचा हड़कंप, आरोपी ने सिपाही के हाथ में काटा, जानें- मामला
कानपुर देहात के राजपुर में बम रखने की फर्जी सूचना से हड़कंप।
कानपुर देहात के राजपुर में बम रखने की फर्जी सूचना से हड़कंप मच गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान आरोपी ने सिपाही के हाथ में काट लिया।
कानपुर देहात, अमृत विचार। शराब के नशे में युवक ने डायल 112 पर राजपुर में बम होने की सूचना देकर सनसनी फैला दी। पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया। मेडिकल के दौरान आरोपी ने पुलिस कर्मी के हाथ में काट लिया।
मंगलवार को एक युवक ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी कि राजपुर कस्बे में कुछ रोहिंग्या ने बम रख दिया है। सूचना पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। राजपुर थानाध्यक्ष देव नरायन द्विवेदी फोन करने वाले युवक के बताए स्थान पर पहुंचे और छानबीन की। फर्जी सूचना पर फोन करने वाले युवक को दबोच लिया। युवक शराब के नशे में धुत मिला।
थानाध्यक्ष ने बताया कि राजपुर निवासी ब्रजेश पुत्र मूलचंद्र ने शराब के नशे में फर्जी सूचना दी थी। आरोपी को गिरफ्तार कर मेडिकल परीक्षण कराया गया। इस दौरान शराब के नशे में धुत ब्रजेश राजपुर पीएचसी में गाली गलौज करता रहा। पुलिस ने शांति भंग में चालान कर दिया। इस दौरान सिपाही प्रदीप कुमार के हाथ में आरोपी ने काट लिया। मजिस्ट्रेट डॉक्टर पूनम गौतम ने आरोपी को 14 दिन के लिए जेल भेज दिया है।
