Kanpur: वो रो-रोकर रहम की भीख मांगता रहा… आरोपियों का नहीं पसीजा दिल, रस्सी से बांधकर पीटते रहे, Video Viral
कानपुर में रस्ती से युवक को बांधकर पीटा।
कानपुर के पनकी थानाक्षेत्र में रस्सी से युवक को बांधकर पीटा। इतना ही नहीं, वह रहम की भीख मांगता रहा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा।
कानपुर, अमृत विचार। पनकी थानाक्षेत्र में कबाड़ी के बेटे से लिए एडवांस रुपये वापस न करने पर आरोपी ने एक युवक को तालिबानी सजा दे डाली। युवक को रस्सी से बांधकर जमकर मारापीटा। युवक शोर मचाकर रहम की भीख मांगता रहा, लेकिन आरोपी का दिल नहीं पसीजा। लोगों ने इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद हरकत में आई पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
पनकी के भाटिया तिराहा के पास पिता श्रवण दीक्षित और बेटा युवराज दीक्षित का कबाड़ का गोदाम है। इस गोदाम में राजू जायसवाल फुटकर कबाड़ सप्लाई करता है। राजू जायसवाल ने पुलिस को बताया कि घर के एक जरूरी कार्य के लिए उसने 50,000 रुपये एडवांस लिए थे। इन रुपयों को धंधा मंदा होने के कारण वह चुकता नहीं कर पा रहा था।
जिसके कारण गोदाम मालिक के बेटे युवराज ने उसे पकड़ लिया और इसके बाद रस्सी से बांधकर जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान आसपास के लोग इस घटना को देख रहे थे। जिसके बाद उन लोगों ने गोदाम में घुसकर इस बात का विरोध जताया। जिस पर पिता-पुत्र ने विरोध किया। लोगों ने बंधक बनाए युवक का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल कर दिया।
लोगों ने इंसानियत की दुहाई देकर आरोपी पित्र-पुत्र को यह हरकत करने पर जमकर कोसा। वीडियो सोशल मीडिया में जैसे ही वायरल हुआ तो तुरंत पुलिस हरकत में आई, और बंधक बनाए गए युवक को छुड़ाया। इस संबंध में एडीसीपी लखन सिंह यादव ने बताया कि घटना की जानकारी होते ही तत्काल प्रभाव से पिता श्रवण दीक्षित व बेटे युवराज दीक्षित के ऊपर मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया।
