बरेली: पत्नी और बेटी की बरामदगी नहीं हुई तो 15 को डीएम दफ्तर में करुंगा आत्मदाह

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

दरोगा पर आरोपी को थाने से छोड़ने का आरोप, सीएम को भेजा पत्र

बरेली, अमृत विचार। बिथरी चैनपुर क्षेत्र के एक युवक ने बेटी और पत्नी की बरामदगी न होने पर 15 अगस्त को डीएम कार्यालय परिसर में आत्मदाह करने की धमकी दी है। इस संबंध में सीएम को पत्र भेजा है। साथ ही थाना पुलिस पर मामले में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए सिटी मजिस्ट्रेट ने संबंधित पुलिस को कार्रवाई के आदेश दिए हैं।

युवक ने सीएम को भेजे पत्र में बताया कि वह मजदूरी करने हिमाचल गया था। पत्नी और बेटी घर पर थी। कैंट इलाके के एक व्यक्ति के संपर्क में पत्नी आ गई। आरोप है कि वह व्यक्ति पत्नी को बहलाकर ले गया है। साथ में पत्नी बेटी को भी ले गई। शिकायत करने पर एक दरोगा आरोपी को दुकान से थाने लेकर आया। आरोपी के मोबाइल में पत्नी के कई फोटो थे।

पीड़ित का आरोप है कि दरोगा ने आरोपी को थाने से छोड़ दिया। दरोगा ने कॉल डिटेल और सीडीआर निकलवाने के बाद भी जानकारी नहीं दी। आरोप है कि बिथरी पुलिस मामले में लापरवाही बरत रही है। मामले में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर बेटी और पत्नी को 14 अगस्त तक बरामद किया जाएगा। धमकी दी कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो 15 अगस्त को डीएम कार्यालय परिसर में वह आत्मदाह कर लेगा। इसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। सिटी मजिस्ट्रेट रेनू सिंह ने सीओ प्रथम और तृतीय के साथ इंस्पेक्टर कोतवाली और बिथरी चैनपुर को मामले में तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए हैं। वहीं, डीएम की ओर से भी एसएसपी को पत्र भेजकर मामले से अवगत करा दिया गया है।

ये भी पढे़ं-  बरेली: डोहरा रोड पर फिर खुदाई शुरू, शिफ्ट होगी सीएनजी की पाइप लाइन

संबंधित समाचार