Kanpur: रिंग रोड का काम जल्द होगा शुरू, टेंडर हो चुके फाइनल, इन 11 स्थानों से कर सकेंगे प्रवेश, पढ़ें- पूरी खबर
कानपुर में बरसात खत्म होते ही शुरू होगा रिंग रोड का काम।
कानपुर में बरसात खत्म होते ही रिंग रोड का काम शुरू होगा। प्रथम व चौथे चरण के टेंडर फाइनल हो गए। वहीं, किसानों को भूमि अधिग्रहण का मुआवजा बांटा जा रहा।
कानपुर, अमृत विचार। रिंग रोड को धरातल पर उतारने के लिए प्रथम व चौथे चरण का भूमि अधिग्रहण कार्य पूरा होने के बाद अब मुआवजा वितरण किया जा रहा है। प्रथम व चौथे चरण के काम का टेंडर राज कंस्ट्रक्शन को मिला है। 15 सितंबर तक एनएचएआई और कंपनी में एग्रीमेंट हो जाएगा। इसके बाद अक्टूबर माह से इन दोनों चरणों का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
शहर में रिंग रोड का निर्माण भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) का महात्वाकांक्षी प्रोजेक्ट है। 93.20 किलोमीटर लंबी रिंग रोड को एनएचएआई ने चार चरणों में क्रमश: मंधना से सचेंडी, रमईपुर से आटा व आटा से मंधना तथा सचेंडी से रमईपुर में बांटा है। एनएचएआई पहले चरण में मंधना से सचेंडी तथा चौथे चरण में सचेंडी से रमईपुर के लिए भूमि अधिग्रहण कर किसानों को मुआवजा बांट रहा है।
इन दोनों चरणों के काम का टेंडर राज कंस्ट्रक्शन लिमिटेड (आरसीएल) को दिया जा चुका है। एनएचएआई अधिकारियों ने बताया कि बारिश खत्म होते ही अक्टूबर माह में प्रथम व चौथे चरण का निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। पूरी रिंग रोड पर दो तरह के 41 अंडर पास बनाए जाएंगे। नौ आरओबी व सात फ्लाई ओवर बनेंगे।
चार कंट्रोल रूम 24 घंटे करेंगे काम
रिंग रोड पर इमरजेंसी लेन बनेगी, वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने या खराब होने पर इमरजेंसी लेन का इस्तेमाल किया जाएगा। वाहन चालक द्वारा कंट्रोल रूम में सूचना देने पर तत्काल क्रेन मदद के लिए पहुंचेगी। रिंग रोड में चार कंट्रोल रूम रहेंगे। यहां पेट्रोलिंग वाहन व एंबुलेंस 24 घंटे मौजूद रहेगी।
11 स्थानों से रिंग रोड पर कर सकेंगे प्रवेश
रिंग रोड पर प्रवेश करने के लिए एनएचएआई ने 11 स्थान चिह्नित किए हैं। भौंती, कानपुर-शिवली रोड, सिंहपुर चौराहे से बिठूर रोड, शुक्लागंज से उन्नाव रोड, जाजमऊ पुल, चकेरी, उन्नाव, रमईपुर से घाटमपुर रोड के साथ डिफेंस कारिडोर व ट्रांसगंगा सिटी से रिंग रोड पर प्रवेश करने की सुविधा रहेगी।
रिंग रोड निर्माण के पहले और चौथे चरण का भूमि अधिग्रहण पूरा हो चुका है, किसानों को मुआवजा बांटा जा रहा है। अक्टूबर माह की शुरूआत में निर्माण कार्य शुरू होना है।- अजय सिंह, मैनेजर, एनएचएआई।
