भाजपा की महिला सांसदों ने की लोकसभा अध्यक्ष से राहुल गांधी की शिकायत 

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी की महिला सांसदों ने बुधवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से भेंट की और सदन में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के संबोधन के दौरान कथित तौर पर अभद्र भाव भंगिमा प्रदर्शित करने को लेकर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।

लोकसभा अध्यक्ष को संबोधित भारतीय जनता पार्टी की 20 महिला सांसदों के हस्ताक्षर वाले शिकायत पत्र में कहा गया है, ‘‘ हम आपका ध्यान आज सदन में केरल के वायनाड से सांसद राहुल गांधी से संबंधित एक घटना की ओर दिलाना चाहती हैं। उक्त सदस्य ने अभद्र आचरण प्रदर्शित किया और केंद्रीस मंत्री एवं सदन की सदस्य स्मृति ईरानी को लेकर अभद्र भावभंगिमा प्रदर्शित की जब वह सदन को संबोधित कर रही थी।’’

भाजपा की महिला सांसदों ने मांग की कि सदस्य (राहुल) के ऐसे अभद्र आचरण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए जिन्होंने न केवल सदन में एक महिला सदस्य को अपमानित किया है बल्कि इस सदन की गरिमा को कम किया है।

लोकसभा अध्यक्ष को संबोधित शिकायत पत्र पर हस्ताक्षर करने वाली महिला सांसदों में केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे, दर्शना जरदोश, अन्नपूर्णा देवी सहित पार्टी सांसद रेखा वर्मा, देवश्री चौधरी, संघमित्रा मौर्य, अपराजिता सारंगी, प्रतिभा भौमिक आदि शामिल हैं। 

ये भी पढ़ें - मणिपुर के आदिवासी समूह आईटीएलएफ ने की अमित शाह से मुलाकात 

संबंधित समाचार