बेल्हा देवी धाम : रिवर फ्रंट की तर्ज पर विकसित होगा सई नदी का तट
प्रतापगढ़, अमृत विचार। सई नदी तट पर स्थित बेल्हा देवी धाम को रिवर फ्रंट की तरह विकसित करने की कवायद तेज हो गई है। चार महीने पहले धाम का सुंदरीकरण करने के लिए बजट स्वीकृत हुआ था। अब धाम के दूसरे छोर पर घाट बनाने और दोनों छोर के घाटों को जोड़ने के लिए पुल बनाने की कार्ययोजना को स्वीकृति मिल गई है। अभी एक करोड़ रुपये मिलेंगे। कुल छह करोड़ की लागत से यह काम होगा।
प्रतापगढ़ जनपद की पहचान बेल्हा देवी धाम से भी होती है। यहां पर रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। बाहर से भी पर्यटक आते हैं। प्रमुख दिनों में तो श्रद्धालुओं की संख्या हजारों रहती है। अभी तक बेल्हा देवी धाम पर एक तरफ घाट बने हैं। सई नदी में नाव चलती है। यहां पर आने वाले श्रद्धालु इसका लुत्फ भी उठाते हैं। दूसरी तरह सच्चा बाबा आश्रम है। इस तरह घाट न होने के कारण लोग वहां पर जाने से डरे भी हैं। बेल्हा देवी धाम को और भव्य बनाने का प्रयास चल रहा है।
सदर विधायक राजेन्द्र कुमार मौर्य ने इसके लिए पर्यटन विभाग को पत्र लिखकर कार्ययोजना भेजी थी। शासन से इस कार्ययोजना को स्वीकृति मिल गई है। पहले चरण में काम करने के लिए एक करोड़ रुपये का बजट जारी होगा। घाट और पुल बनाने के लिए कुल छह करोड़ रुपये मिलेंगे। सई नदी पर पुल बनने के उपरांत लोग आसानी से एक घाट से दूसरे तरफ के घाट पर जा सकेंगे। शाम का मनोहारी दृश्य लोगों को आकर्षक भी करेगा।
.jpg)
डीएम प्रकाश चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि बेल्हा देवी धाम से लोगों की आस्था के साथ जनपद पहचान भी जुड़ी है। रिवर फ्रंट जैसा स्वरूप मिलने पर बेल्हा देवी धाम की ख्याति और बढ़ेगी।
ये भी पढ़ें -UP Assembly Monsoon Session : पुरानी पेंशन योजना पर सपा ने किया वाकआउट
