सुल्तानपुर अधिवक्ता हत्याकांड : मुख्य अभियुक्त की गिरफ्तारी न होने से गुस्से में वकील
सुल्तानपुर अमृत विचार। दीवानी के अधिवक्ता मोहम्मद आजाद हत्याकांड के विरोध में बुधवार को जिले भर के वकील सड़क पर उतर पड़े। वकीलों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी जसजीत कौर को ज्ञापन सौंपा। मुख्य आरोपी सिराज की अविलंब गिरफ्तारी न हुई सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करेंगे।
बार एसोसिएशन सुलतानपुर अध्यक्ष अरविंद पांडेय व महासचिव आर्तमणि मिश्र की अगुवाई में बुधवार को अधिवक्ताओं का जुलूस कलेक्ट्रेट पहुंचा, जहां अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी जसजीत कौर को मुख्यमंत्री को संदर्भित सात सूत्री मांग पत्र का ज्ञापन साैंपा। ज्ञापन में हत्याकांड के मुख्य आरोपी सिराज के खिलाफ गैगस्टर व रासुका के तहत विधिक कार्रवाई, आरोपी द्वारा अर्जित अवैध संपत्ति की कुर्की/ध्वस्तीकरण की कार्रवाई, पीड़ित व गवाहों को विधिक सुरक्षा, घटना के प्रति उदासीनता बरतने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को दंडित किए जाने, मृतक अधिवक्ता के आश्रितों को 50 लाख रुपए आर्थिक सहायता व उसकी पत्नी को सरकारी नौकरी देने, मृतक की पत्नी व नवजात शिशु की समुचित देखभाल इलाज व सुरक्षा दिलाये जाने तथा सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की गई है।
इस मौके पर पूर्व अध्यक्ष नरोत्तम शुक्ल शुक्ल, महेंद्र प्रसाद शर्मा, करुणा शंकर दूबे, वीरेंद्र चतुर्वेदी, अरुण उपाध्याय, अयूब उल्ला खान, रणजीत सिंह त्रिसुंडी, सतीश पाठक, अब्बास अहमद खान, अरूण पांडेय, जितेन्द्र मिश्रा, विजय कुमार सिंह, अब्बास अहमद, जयंत मिश्रा, गिरीश मिश्रा आदि रहे।
हत्याकांड मामले में पहुंचे काउंसिल उपाध्यक्ष
अधिवक्ता आजाद की हत्याकांड के मामले को संज्ञान में लेते हुए बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश प्रयागराज के उपाध्यक्ष जयनारायण पांडेय बुधवार को दीवानी पहुंचे। पांडेय ने बार अध्यक्ष से मुलाकात कर अधिवक्ता हत्याकांड पर शोक जताते हुए अधिवक्ताओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग की बात कही। उपाध्यक्ष पांडेय ने कहा अधिवक्ता की हत्या एक बहुत ही निंदनीय एवं दुखद घटना है। बार काउंसिल मृतक अधिवक्ता को यथाशीघ्र आर्थिक सहयोग पारित करेगा तथा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। प्रकरण से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी अवगत कराया गया है। शीघ्र ही सकारात्मक परिणाम मिलेंगे।
ये भी पढ़ें -प्रयागराज : बिन बुलाए जांच अधिकारी से मिलने पहुंचे ज्योति मौर्या व आलोक
