बरेली: ऑटो में किराना व्यापारी की जेब काटकर 1.18 लाख रुपये उड़ाए, वारदात CCTV में कैद
बरेली, अमृत विचार। ऑटो में सवार किराना व्यापारी की जेब काटकर दो युवकों ने 1.18 लाख रुपये निकाल लिए। व्यापारी ने बारादरी थाना में शिकायत की है। जब सीसीटीवी फुटेज देखी गई तो तीन मिनट में बाइक सवार युवकों ने ऑटो में बैठकर घटना की। पुलिस युवकों की तलाश कर रही है। पीड़ित देवरनियां के चेयरमैन कलीम अंसारी के रिश्ते के भाई हैं।
देवरनियां निवासी रहीसुद्दीन ने बताया कि वह किराना के व्यापारी हैं। वह देवरनियां के चेयरमैन कलीम अंसारी के रिश्ते के भाई हैं। बुधवार को वह ऑटो चालक आशू के साथ किराना का सामान लेन के लिए बरेली आए थे। इसी दौरान मूर्ति नर्सिंग होम के पास दो युवक ऑटो पर दौड़कर बैठ गए। बैठने के बाद करीब 500 मीटर जाकर दोनों उतर गए। दोनों के उतरने के बाद उन्होंने जब अपनी पैंट की ओर देखा तो जेब दो जगह से कटी हुई थी।
रेकी करने के बाद दिया घटना को अंजाम
सीसीटीवी कैमरे में दो बाइकों पर चार लोग पहले से पीछा करते हुए दिखाई दे रहे हैं। उन्हें जब ऑटो आता दिखाई देता है तो दो आरोपी एक-एक बाइक से उतर जाते हैं। एक आरोपी सफेद शर्ट जबकि दूसरा नीली टीशर्ट पहने है। इसके बाद दोनों दौड़कर ऑटो पर बैठ जाते हैं। कुछ दूर चलने के बाद दोनों ऑटो से उतर जाते हैं और पीछे चल रहीं बाइकों पर बैठकर भाग निकलते हैं। एक बाइक पर पीछे नंबर प्लेट नहीं है, जबकि दूसरी बाइक का नंबर पुलिस को नहीं दिख रहा है।
प्रेमनगर क्षेत्र में जेबकतरों का गिरोह सक्रिय
प्रेमनगर और बारादरी क्षेत्र में जेबकतरों का गिरोह सक्रिय हो गया है। करीब चार महीने पहले मुरादाबाद के एक व्यापारी की जेब काट ली थी। इसके बाद एक बुजुर्ग महिला का पर्स काट कर हजारों रुपये चोरी कर लिए। करीब छह दिन पहले सेटेलाइट से शहामतगंज तक ऑटो पर बैठे एक व्यक्ति की जेब काट ली गई, लेकिन पीड़ित की जेब में रुपये कम थे, इसलिए उसने रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे--- हिमांशु निगम इंस्पेक्टर बारादरी।
यह भी पढ़ें- बरेली: गैंगस्टर कोर्ट के आदेश के बाद भी खतौनी नहीं की भारमुक्त, तहसीलदार तलब
