संभल: घर से नाराज होकर खेत पर पहुंचे युवक ने पेड़ पर फंदे से लटक कर दी जान
परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिये किया युवक का अंतिम संस्कार
संभल/रजपुरा, अमृत विचार। रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव में घरेलू कलह के चलते युवक ने खेत पर जाकर पेड़ पर रस्सी के फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिये शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
गांव मेहुआ हसनगंज निवासी प्रेम सिंह के 28 वर्षीय पुत्र राजेश का गुरुवार पर घर में किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसके बाद राजेश खेत पर चला गया और वहां अपने खेत में खड़े बबूल के पेड़ पर रस्सी के फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने राजेश के शव को पेड़ से लटका देखा तो परिजनों को सूचना दी।
सूचना के बाद परिजन मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की सहायता से परिजनों ने शव को पेड़ से नीचे उतारा। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने बिना किसी कार्रवाई के युवक का अंतिम संस्कार कर दिया। प्रभारी निरीक्षक पवन कुमार सिंह ने बताया कि इस घटना की कोई जानकारी थाने पर नहीं दी गई है।
ये भी पढ़ें:- Myanmar: रोहिंग्या शरणार्थियों को ले जा रही नाव बंगाल की खाड़ी में पलटी, 17 लोगों की मौत... 30 लापता
