क्रूरता की हद: युवक ने मादा श्वान को पीट-पीटकर मार डाला, CCTV में कैद घटना, FIR दर्ज, ये वजह आ रही सामने

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में मादा श्वान के गले में फंदा लगाकर पीट-पीटकर मार डाला।

कानपुर के मादा श्वान के गले में फंदा लगाकर पीट-पीटकर मार डाला। किदवई नगर थाने में पशु प्रेमियों के हंगामे पर मुकदमा दर्ज हुआ।

कानपुर, अमृत विचार। एक तरफ जहां लोग बेजुबानों के खाने से लेकर उनके इलाज तक कर उनकी जुबान बन रहे हैं, वहीं कुछ लोग ऐसे भी हैं, जिन्हें पशुओं से इतनी नफरत की वह उनके साथ क्रूरतापूर्वक व्यवहार करते हैं। कमिश्नरेट के थाना किदवईनगर क्षेत्र में एक ऐसा मामला देखने को मिला।

जूही लाल कालोनी में एक युवक मादा श्वान के गले में फंदा लगाकर उसे काफी दूर घसीटते ले गया इसके बाद डंडे से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। यह घटना कालोनी में लगे एक सीसीटीवी में कैद हो गई। क्षेत्र के पशुप्रेमियों में इस वारदात को लेकर भारी आक्रोश व्याप्त है। किदवई नगर थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई को लेकर हंगामा किया। इसके बाद एक महिला की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।

जूही लाल कालोनी निवासी विनोद कुमार ने बताया कि उनकी गली में एक मादा श्वान रहती थी। दो-तीन वर्षों से उनकी मां रानी देवी समेत अन्य लोग उसके खाने-पीने की व्यवस्था व देखभल कर रहे थे। करीब दो माह पहले उसने बच्चे को भी जन्म दिया था। कालोनी के कुछ लोग बुधवार रात को श्वान को पकडक़र उसके गले में रस्सी का फंदा बनाकर डाला और खींचते हुए काफी दूर ले गए, जहां उसे डंडे से पीटकर मार डाला।

इसके बाद शव को बोरे में भरकर निराला नगर रेलवे ग्राउंड पर फेंककर भाग निकले। गुरुवार शाम को उन्हें इसकी जानकारी हुई। उन्होंने उम्मीद एक किरण संस्था के प्रमुख मयंक त्रिपाठी को इसकी जानकारी दी। कालोनी के एक घर में लगे सीसीटीवी देखे गए तो मुन्ना नाम का युवक का श्वान के गले में फंदा लगाकर घसीटते हुए दिखा। सभी लोग उसके घर पहुंचे तो उनके परिजन घटना को नकारने लगे।

इस पर किदवई नगर थाने में हंगामा होने पर पुलिस भी पहुंची और युवक को थाने ले गई। मालूम हो, कि इससे पहले जूही बंबुरहिया में अक्टूबर वर्ष 2022 में जैकी नाम के युवक ने एक श्वान पर ईंट से हमलाकर मार डाला था। इसी तरह काकादेव के राजापुरवा में श्वान को गोली मार दी गई थी।

इस संबंध में सहायक पुलिस आयुक्त नौबस्ता अभिषेक कुमार पांडेय ने बताया कि मुन्ना नाम के युवक ने श्वान की क्रूरतापूर्वक हत्या की है। उसके खिलाफ धारा 429 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

संबंधित समाचार