बहराइच: दहेज के लिए मारपीट कर घर से भगाया, पति ने फोन पर दिया तीन तलाक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

महिला के तहरीर पर पति समेत सात लोगों पर केस दर्ज

जरवल/बहराइच, अमृत विचार। नगर पंचायत के कटरा मोहल्ला निवासी एक महिला को उसके ससुराल के लोगों ने दहेज के लिए मारपीट कर घर से भगा दिया। 27 जुलाई को महिला को पति ने फोन पर तीन तलाक दे दिया। महिला ने गुरुवार को थाने पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने पति समेत सात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जरवल रोड थाना क्षेत्र के जरवल नगर पंचायत के मोहल्ला कटरा निवासी निदा खातून पुत्री सलमान अहमद का विवाह तीन वर्ष पूर्व ओंकार सिंहपुरवा गांव निवासी मोहम्मद अरशद पुत्र रहमुद्दीन के साथ हुआ था। महिला ने तहरीर देकर कहा है कि विवाह के समय मायके के लोगों ने हैसियत के मुताबिक दान दहेज दिया था।

इसके बाद भी ससुराल के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहे थे। उसका कहना है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल के लोगों ने उसे मारपीट कर घर से भगा दिया। महिला ससुराल के लोगों का इंतजार करती रही। 27 जुलाई को महिला के मोबाइल पर पति ने फोन कर तीन तलाक दे दिया। काफी मान मनौवल के बाद भी महिला को ससुराल के लोग नहीं ले गए। 

जिस पर महिला ने गुरुवार को थाने पहुंचकर तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक दद्दन सिंह ने बताया कि निदा खातून के तहरीर पर पति मोहम्मद अरशद हाजी वजीहुद्दीन, बहाउद्दीन, मोहम्मद अहमद, रुकैया, राबिया और हलीम के विरुद्ध केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उप निरीक्षक अवधेश कुमार द्विवेदी को जांच सौंपी गई है।

यह भी पढ़ें:-अयोध्या: पाठशाला में खेती की बेहतर तकनीक सीख रहे अन्नदाता

संबंधित समाचार