बरेली: जोगी नवादा में फायरिंग करने वाला आनंद वाल्मीकि गिरफ्तार
फायरिंग में शामिल हर्ष पंडित को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है पुलिस
बरेली, अमृत विचार। बारादरी क्षेत्र के जोगीनवादा में कांवड़ियों के झुंड में घुस कर फायरिंग कर माहौल खराब करने वाले दूसरे आरोपी आनंद वाल्मीकि को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस इस मामले में उसके साथी हर्ष पंडित को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
एसपी सिटी राहुल भाटी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई थीं। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी स्वतंत्रता सेनानी पार्क के पास किसी से मिलने के लिए आने वाला है। सूचना पर पहुंची पुलिस को देख कर उसने भागने की कोशिश की लेकिन उसे पकड़ लिया गया। आरोपी की निशानदेही पर एक तमंचा, एक जिंदा और एक खाली कारतूस बरामद किया है। मामले में पुलिस ने धारा 3/25 ए एक्ट भी बढ़ाई है।
बारादरी में पुलिस ने की पीस कमेटी की बैठक
सावन के आगामी सोमवार को लेकर शुक्रवार को जिले के कई थानों और चौकियों पर पीस कमेटी की बैठकें हुईं। इस दौरान जोगीनवादा को लेकर थाना बारादरी में भी बैठक हुई। बैठक में एसपी सिटी राहुल भाटी, सीओ आशीष प्रताप सिंह के अलावा क्षेत्र के दोनों समुदाय के संभ्रांत लोग मौजूद रहे। मीटिंग में कांवड़ जत्थेदारों और उनके साथियों को भी बुलाया गया था। अफसरों ने लोगों से कांवड़ यात्रा को बिना विवाद के सकुशल सम्पन्न कराने, शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। साथ ही किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने को कहा गया। चेतावनी दी गई कि अगर किसी ने अफवाह फैलाई या शांतिपूर्ण माहौल को बिगाड़ने की कोशिश की तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। देहात क्षेत्र में एसपी देहात राजकुमार अग्रवाल और सभी सीओ ने मीटिंग की।
ये भी पढ़ें- बरेली: अगली बैठक तक साफ हो जानी चाहिए स्थिति...नोडल अधिकारी ही आएंगे : डीएम
