Fatehpur News : खेत में पड़ा मिला युवक का शव, शरीर में मिले कई चोट के निशान, परिजन बोले- हत्या की गई

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फतेहपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव खेत में पड़ा मिला।

फतेहपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में खेत में युवक का शव पड़ा मिला। शरीर में चोट के निशान देख परिजनों ने हत्या की आशंका जताई।

फतेहपुर, अमृत विचार। संदिग्ध परिस्थितियों में शुक्रवार की शाम खेत में पड़े मिले युवक के शव के मामले में तेजाब डालकर पहचान मिटाने का प्रयास किया गया है। ऐसी आशंका ग्रामीणों के साथ पुलिस भी जता रही है। हालांकि पूरा मामला स्पष्ट करने के लिए पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है।

ललौली थाना क्षेत्र के अजमतपुर ग़ांव निवासी मुकेश कुमार तिवारी का शव गांव के बाहर देशी शराब ठेका के पीछे एक खेत में पड़ा मिला था। उसके गले, सीने और पेट में चोट के काले निशान थे। जिनमें तेजाब से जलाने का भी प्रयास किया जाना प्रतीत हो रहा था। ग्रामीणों व पुलिस ने आशंका जताई थी कि शव को तेजाब डालकर पहचान मिटाने का प्रयास किया गया।

वहीं यह भी चर्चा रही कि पहचान मिटाने का प्रयास किया गया होता तो तेजाब चेहरे पर डाला जाता न कि पेट पर। परिजनों ने यह भी बताया था कि दो घंटे पहले उसे गांव के बाहर देखा गया था, इसी बीच ऐसा क्या हुआ कि उसकी मौत हो गई और शव खेत तक कैसे पहुंचा। शव की स्थिति देखकर परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुचकर जांच पड़ताल की।

युवक की मौत से मां विनय देवी और पत्नी रोहिणी देवी का रो-रोकर हाल बेहाल है। थानाध्यक्ष आनंद पाल सिंह ने बताया कि युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। शनिवार शाम तक पुलिस को भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट उपलब्ध नहीं हो सकी थी।

संबंधित समाचार