Banda News: लेनदेन के विवाद में बदमाशों ने पूर्व ब्लॉक प्रमुख को मारी गोली, कार से जा रहे थे घर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बांदा में लेन-देन के विवाद में पूर्व ब्लॉक प्रमुख को गोली मारी।

बांदा के पैलानी थाना क्षेत्र के पिपरवा डेरा में लेन-देन के विवाद में बदमाशों ने पूर्व ब्लॉक प्रमुख को गोली मार दी। गोली लगने से पूर्व ब्लॉक प्रमुख घायल हो गए।

बांदा, अमृत विचार। कार से घर जा रहे पूर्व ब्लॉक प्रमुख को रास्ते में बाइक सवार दो लोगों ने घेर लिया और अभद्रता करने लगे। विरोध करने पर पिस्टल से फायर कर दिया। ब्लॉक प्रमुख की बांई जांघ में दो गोलियां लगी हैं। उसे खून से लथपथ इलाज के लिये जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज के लिये रेफर कर दिया।   

पैलानी थाना क्षेत्र के बड़ागांव पिपरवाडेरा निवासी पूर्व ब्लॉक प्रमुख मिश्रीलाल निषाद (40) पुत्र पंचा निषाद शुक्रवार की रात फतेहपुर से खुद की कार लेकर गांव जा रहा था। जैसे ही वह गांव के समीप पहुंचा सामने से आये बाइक सवार दो लोगों ने उसे रोक लिया। पहले गाली-गलौज की और फिर उसके सीने में पिस्टल अड़ा दी।

मिश्रीलाल ने हड़बड़ाहट में पिस्टल पर हाथ मार दिया, जिससे फायर हो गया और दो गोलियां उसकी बांई पर जा धंसीं। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर वहां से फरार होने में कामयाब हो गये। मदद की गुहार लगाने पर जब वहां कोई नहीं आया तो वह किसी तरह स्वयं कार चलाकर अपने बड़े भाई शिवशरण के घर पहुंचा।

उसने फोन के माध्यम से परिजनों को सूचित किया। मौके पर पहुंचे घर वालों ने उसे आनन-फानन उपचार के लिये लाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उसे रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज के लिये रेफर कर दिया। यहां पर उसका इलाज किया जा रहा है। पूर्व ब्लॉक प्रमुख मिश्रीलाल ने पुलिस को बताया कि वह समाजवादी पार्टी के समर्थित उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़कर वर्ष 2010 में जसपुरा का प्रमुख चुना गया था।   
बीते 17 साल से चल रहा लेन-देन का विवाद

पूर्व ब्लॉक प्रमुख मिश्रीलाल का अपने ही खानदान के लोगों से विगत 17 साल से रुपयों के लेन-देन को लेकर रंजिश चली आ रही है। घायल मिश्रीलाल ने बताया कि वह अपने परिवार के ही एक व्यक्ति के साथ गोवा में रहकर स्क्रेप पेपर का कारोबार करता था। इस कारोबार में खानदान के व्यक्ति ने तकरीबन ढाई करोड़ का चूना लगा दिया। इसके बाद उसने वर्ष 2008 में प्लॉटिंग के नाम पर 24 लाख रुपया और दिया था। इस कारोबार में भी उसे उसका हिस्सा नहीं मिला। वह बार-बार उससे रुपया वापस करने की मिन्नतें करता रहा, लेकिन रुपया वापस नहीं किया। मामला पंचायत तक पहुंचा, लेकिन हल नहीं निकला। इस दौरान उसने कई बार उसे जान से मारने का प्रयास भी किया। 

नहीं मिला न्याय तो कर लूंगी आत्मदाह

मेडिकल कॉलेज में भर्ती घायल ब्लॉक प्रमुख मिश्रीलाल की पत्नी मंजू निषाद ने बताया कि रुपयों के लेन-देन के विवाद में खानदानियों ने उनका जीना हराम कर रखा है। जिससे बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो गई है। उसका एक बेटा मुकेश गोवा में रहता है। उसे भी लगातार जान से मारने की धमकी दी जा रही है। चार बेटियां महक, अभिलाषा, खुशी और आरती को वे मारे डर के पढ़ने को स्कूल नहीं भेज पा रहे हैं। मंजू का कहना है कि यदि उसे न्याय नहीं मिला तो वह आत्मदाह कर लेगी।

संबंधित समाचार