संसद सदस्यता बहाल होने के बाद पहली बार वायनाड पहुंचे राहुल गांधी, बोले - कभी नहीं भूलेंगे मणिपुर की दो घटनाएं 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

वायनाड (केरल)। कांग्रेस के नेता राहुल गांधी लोकसभा सदस्यता बहाल होने के बाद शनिवार को पहली बार केरल में अपने संसदीय क्षेत्र वायनाड पहुंचे, जहां पार्टी के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। यहां स्वागत स्थल पर एकत्र हुए सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शाम साढ़े पांच बजे गांधी के पहुंचते ही उनके समर्थन में नारे लगाए।

ये भी पढ़ें - नगा महिलाओं ने की मणिपुर में निर्वस्त्र की गई पीड़िताओं के लिए न्याय की मांग 

केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन यूडीएफ के नेताओं ने उनका स्वागत किया। पिछले सप्ताह मानहानि के एक मामले में उच्चतम न्यायालय द्वारा राहुल की दोषसिद्धि पर रोक लगाने के बाद लोकसभा सचिवालय ने एक अधिसूचना जारी करके वायनाड से उनकी लोकसभा सदस्यता बहाल कर दी थी।

अपने संबोधन में राहुल गांधी ने कहा कि मैं थोड़ा देर से आने के लिए क्षमा चाहता हूं। कुछ दिन पहले मैं मणिपुर गया था। जो मैंने मणिपुर में देखा, वह मैंने कहीं और नहीं देखा। चाहे बाढ़ हो, हिंसा हो. मैं त्रासदियों के दौरान पूरे देश में रहा हूं. लेकिन जो मैंने मणिपुर में देखा वह कहीं नहीं देखा। आप मेरा परिवार हो, इसलिए  मैं आपको बताऊं कि मैंने क्या देखा।

मैं आपको उन सभी लोगों के बारे में नहीं बता सकता, जिनसे मैंने बात की। उन्होंने कहा कि मैं आपको दो घटाओं के बारे में बताउंगा, जिन्हें मैं कभी नहीं भूलूंगा। ऐसी घटनाएं जो मेरे मन को विचलित कर देती है। मणिपुरी महिलाओं के दो अलग अनुभव। एक कमरे में परिवार के सभी सदस्य थे, लेकिन मैंने एक महिला को अकेले देखा तो मैंने उनसे पूछा कि उनका परिवार कहां है?

उन्होंने कहा कि मेरा कोई परिवार नहीं बचा है। फिर मैंने उनसे पूछा कि आपको क्या हुआ? थोड़ी देर तक उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। वह चुप रहीं, फिर मैंने उनका हाथ पकड़ा और उनसे पूछा कि क्या हुआ? उन्होंने मुझे बताया कि वह अपने गांव में सो रही थीं। उनके बेटे को उनकी आंखों के सामने मार दिया गया। उन्होंने मेरी आंखों के सामने ही उसे गोली मार दी। मैं पूरी रात अपने बेटे की लाश के पास अकेली पड़ी रही।

मुझे नहीं पता था कि मुझे अपने बेटे के साथ रहना चाहिए या अपनी जान बचाने के लिए भाग जाना चाहिए। थोड़ी देर बाद मुझे एहसास हुआ कि मेरा बेटा वापस नहीं आएगा तो उन्होंने भागने का फैसला किया। मैं दूसरी महिला से मिला। जैसे ही मैंने पूछा, वह चुप हो गई। मैं देख सकता था कि वह अपने अनुभव की तस्वीरें देख रही थी।

तब मैं कल्पना कर रहा था कि अगर यह मेरी मां और मेरी बहन के साथ होगा तो कैसा लगेगा। अचानक वह इसे सहन न कर पाने के कारण बेहोश हो गई। कल्पना कीजिए कि आपकी मां या बहन अपने साथ जो हुआ उसे याद करके बेहोश हो जाती हैं. मणिपुर की महिलाओं के साथ यही हुआ।

ये भी पढ़ें - ‘भाजपा भारत छोड़ो’ नारे की गूंज पूरे देश में सुनाई दे रही : ममता बनर्जी

संबंधित समाचार