बरेली: आरोप लगा एआरपी को किया कार्यमुक्त, महिला आयोग से शिकायत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पूजा बोलीं-बिना सूचना के बीईओ ने सभी ग्रुपों से हटाया, निष्पक्ष जांच कराने की मांग

बरेली, अमृत विचार। आलमपुर जाफराबाद विकास क्षेत्र में तैनात एआरपी पूजा रानी सिंह पर विभागीय कार्यों में शिथिलता बरतने समेत कई आरोप लगाते हुए उन्हें मूल विद्यालय के लिए कार्यमुक्त कर दिया गया है। एआरपी ने इस प्रकरण में खंड शिक्षा अधिकारी और जांच अधिकारियों पर झूठी और निराधार जांच रिपोर्ट तैयार करने का आरोप लगाते हुए महानिदेशक और महिला आयोग से शिकायत की है। उन्होंने मामले में निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

एआरपी के अनुसार जिले कुछ नेताओं के माध्यम से उनकी झूठी शिकायतें कराई गई थीं। हालांकि, बाद में वास्तविकता जानने के बाद नेताओं ने उन्हें निर्दोष मानते हुए संबंधित अधिकारियों को पत्र भी लिखा था। पूजा का आरोप है कि बिना सूचना के बीईओ ने ब्लॉक अंतर्गत संचालित सभी विभागीय और स्कूलों के ग्रुपों से उन्हें जानबूझकर रिमूव कर दिया है।

जांच अधिकारियों ने पक्ष भी नहीं सुना
पूजा के अनुसार प्रकरण की जांच के लिए बीईओ शीतल श्रीवास्तव और प्रियांशी सक्सेना को नामित किया गया था, लेकिन जांच अधिकारियों ने बिना यहां पहुंचे ही अपनी जांच रिपोर्ट सौंप दी, जबकि उनका एक बार भी पक्ष नहीं सुना गया। उन्होंने बताया कि इस संबंध में विभागीय अधिकारियों को सभी साक्ष्य दिए गए हैं।

यह लगे थे एआरपी पर आरोप
विभागीय अधिकारियों की जांच रिपोर्ट के मुताबिक एआरपी पर शिक्षक संघ के कार्यों पर अधिक ध्यान देने व विभागीय कायों में शिथिलता बरते जाने के आरोप लगे हैं। इसे लिए शिकायतकर्ता शिक्षक ने स्थानीय राजनेताओं से सिफारिश कराई थी।

बीईओ पर अपशब्द कहने का भी आरोप लगाया
पूजा ने बताया कि गत वर्ष वह बाल्यकाल देखभाल अवकाश पर थीं। उनका आरोप है कि तब खंड शिक्षा अधिकारी ने उन्हें अपशब्द कहे थे। इसकी जानकारी बीएसए को दी गई थी, मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई। 

एआरपी के सभी आरोप बेबुनियाद हैं। उच्चाधिकारी के निर्देश पर उन्हें एआरपी के कार्य से मुक्त किया गया है। उनसे कोई अपशब्द नहीं कहे गए हैं- मुकेश कमल भारती, बीईओ, आलमपुर जाफराबाद।

प्रकरण में जांच रिपोर्ट के आधार पर ही कार्रवाई हुई है। जरूरत पड़ी तो फिर से जांच कराई जाएगी- संजय सिंह, बीएसए।

ये भी पढ़ें- बरेली: दलित बस्ती के लोगों को लंबे समय के बाद मिला सीसी रोड, ग्रामीणों में खुशी की लहर 

संबंधित समाचार