लखनऊ: बेटे की पिटाई से नाराज पति ने पत्नी को उतारा मौत के घाट
लखनऊ, अमृत विचार। गोसाईंगंज थानाक्षेत्र अन्तर्गत रसूलपुर गांव में शनिवार सुबह बेटे को पीटने से नाराज एक युवक ने पत्नी की दुपट्टे से गला कस कर हत्या कर दी। इसके बाद हत्यारोपी ने अपने रिश्तेदार को फोन कर वारदात को जानकारी दी। रिश्तेदार ने पुलिस कंट्रोलरूम पर सूचना देते हुए हत्यारोपी को गिरफ्तार करवाया।
डीसीपी दक्षिण विनीत जायसवाल ने बताया कि रसूलपुर गांव निवासी सूरज उर्फ गुड्डू ड्राइवर है। सात वर्ष पूर्व उसकी शादी बाराबंकी जनपद की रहने वाली ममता से हुई थी। पड़ोसियों ने बताया कि छोटी-छोटी बातों को लेकर अक्सर दंपति के बीच झगड़ा होता रहता था। कई बार पड़ोसियों ने हस्ताक्षेप कर उनके विवाद का निपटरा भी कराया था।
शनिवार को सूरज काम पर जाने की तैयारी कर रहा था कि इसी बीच ममता ने गाली-गलौज शुरु कर दी। इसके बाद वह बेटे उत्कर्ष (06) को पीटने लगी। बच्चे को छुड़ाने के लिए दंपति के बीच मारपीट बढ़ गई। विवाद बढ़ने पर ममता घर से निकल नाले के पास पहुंच गई और सूरज भी पत्नी का पीछा करते-करते वहां पहुंचा। जहां पर सूरज ने दुपट्टे से ममता का गला कस कर हत्या कर दी। इसके बाद शव को नाले में धकेल कर उस पर दुपट्टा डाल दिया।
शाम चार बजे के करीब घर वापस आने के बाद सूरज ने फूफा अशोक को वारदात की जानकारी दी। जिसके बाद अशोक ने ग्राम प्रधान रामचंद्र से सम्पर्क किया। प्रभारी निरीक्षक दिनेश चंद्र मिश्र ने बताया कि सूरज की निशानदेही पर पुलिस ने शव का नाले से बरामद किया। पूछताछ में हत्यारोपी ने बताया कि वह रोज के झगड़े से उब चुका था। ममता रोजाना गाली गलौज उससे झगड़ती और मारपीट करती थी। इसलिए उसने पत्नी की हत्या कर दी।
यह भी पढ़ें:-बांदा: शिक्षिका ने भाई के साथ मिलकर पति को पीटा, जानें मामला
