Lucknow : सरकारी गनर का रौब दिखा सर्राफ को धमका रहा जालसाज
पीड़ित सर्राफ ने अधिकारियों से की जालसाज की शिकायत
लखनऊ, अमृत विचार। सरकारी गनर का रौब दिखा एक जालसाज ने सर्राफ का जीना दुश्वार कर दिया। सर्राफ ने जालसाज के खिलाफ चौक और ठाकुरंगज थाने में भी मुकदमा दर्ज कराया था, लेकिन परिवारिक रंजिश का हवाला देते हुए दोनों ही मामलों में एफआर (फाइनल रिपोर्ट) लगा दी। जिसके बाद से जालसाज गनर के बल पर सर्राफ को उकसाने की कोशिश कर रहा है। इस सम्बन्ध में पीड़ित सर्राफ ने अधिकारियों से भी मदद की गुहार लगाई है।
गौरतलब है कि जुलाई 2021 को ठाकुरगंज थानाक्षेत्र के सराय माली खां निवासी सर्राफ देवेंद्र रस्तोगी ने चौक कोतवाली में रिश्तेदार शशि प्रकाश वर्मा उर्फ अजय रस्तोगी के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। देवेंद्र ने बताया कि चौक गोल दरवाजे के समीप उनकी भोलानाथ देवेंद्र कुमार सर्राफ के नाम से प्रतिष्ठान है।
आरोपित ने जमीन दिलाने के नाम पर उनसे 52 लाख रुपये लेकर फर्जी दस्तावेज दिए थे। हालांकि कोर्ट के आदेश पर चौक पुलिस ने शशि प्रकाश वर्मा के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था, लेकिन तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक विश्वजीत सिंह ने परिवारिक रंजिश का हवाला देते इस मुकदमें में एफआर लगा दी थी।
इसके कुछ माह बाद आरोपित सर्राफ को बदनाम करने की नीयत से सोशल मीडिया पर अभद्र कमेंट करने लगा। विरोध किए जाने पर आरोपित ने उनकी अश्लील फोटो को भी वायरल कर दिया। जून 2022 को सर्राफ ने शशि प्रकाश वर्मा और उनके सहयोगी पुनेंद्र कुमार मिश्र, श्याम सुंदर गौड़, सुलभ सिंह समेत अन्य लोगों के खिलाफ ठाकुरगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया था।
आरोप है कि तत्कालीन एसीपी चौक आईपी सिंह ने आरोपितों की तरफ से पैरवी कर मामले को फाइलों के बोझ तले दफ्न कर दिया। पीड़ित ने बताया कि वर्ष 2016 में सलीम रुस्तम शोराब से खुद पर फर्जी जानलेवा करा आरोपित ने गनर की मांग की थी। इसके बाद उसकी सुरक्षा के लिए शासन की तरफ से एक गनर मिला है। अब आरोपित गनर का रौब दिखा पीड़ित सर्राफ और उनके परिजनों को धमका रहा है। हालांकि, इस सम्बन्ध में पीड़ित सर्राफ ने आलाधिकारियों से भी मदद की गुहार लगाई है।
ये भी पढ़ें -लखनऊ : बिजली उपभोक्ताओं को मिलेगा त्रुटि रहित बिल
