Independence Day 2023: Kanpur में स्वतंत्रता दिवस से पहले पुलिस अलर्ट, व्यवस्था चाक-चौबंद, सड़कों पर उतरा फोर्स
कानपुर में स्वतंत्रता दिवस से पहले पुलिस अलर्ट।
कानपुर में स्वतंत्रता दिवस से पहले पुलिस अलर्ट हो गई। मॉल से लेकर सिनेमा हॉल तक फोर्स पहुंचा। बम निरोधक दस्ता और एलआईयू ने चेकिंग की।
कानपुर, अमृत विचार। स्वतंत्रता दिवस से पहले सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस फोर्स ने बम निरोधक दस्ता और एलआईयू के साथ मॉल से लेकर सिनेमा हाल तक सघन चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग अभियान से लोगों में अफरातफरी मच गई। लेकिन पुलिस अफसरों ने लोगों को सुरक्षा का एहसास कराया। साथ ही किसी भी तरह की संदिग्धता दिखने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की।
कानपुर कमिश्नरेट में पिछले चार दिनों से रोजाना सड़क पर पुलिस के द्वारा ग्रांड चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। रविवार को इस चेकिंग अभियान के तहत सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस एलआईयू और बम निरोधक दस्ता चेकिंग के लिए पहुंचे। शहर के बड़ा चौराहा स्थित जेड स्कॉयर मॉल में सर्किल पुलिस फोर्स के साथ एलआईयू ने पूरे मॉल के साथ ही सिनेमा हॉल के अंदर भी चेकिंग की।
स्वतंत्रता दिवस से पूर्व कमिश्नरेट पुलिस के द्वारा शहर में सुरक्षा की दृष्टि से चेकिंग अभियान चलाया गया। रविवार से पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर चेकिंग अभियान शुरू किया। सार्वजनिक स्थानों में ऐसे स्थान जहां पर हजारों लोग एक साथ एकत्र होते हैं। ऐसे स्थान जिनमें मंदिर, शॉपिंग मॉल ,टूरिस्ट प्लेस और सिनेमा हॉल हैं, पुलिस ने मुस्तैद दिखाई दी।
मॉल में एडीसीपी एलआईयू राजेश श्रीवास्तव व एसीपी कोतवाली रंजीत कुमार के नेतृत्व में जनता के बीच सुरक्षा व्यवस्था का विश्वास दिलाया गया। माल के सभी फ्लोर पर बम निरोधक दस्ता और पुलिस ने जाकर चेकिंग की। साथ ही मॉल के अंदर बने सिनेमा हॉल के अंदर जाकर ,वहां बैठे दर्शकों के बीच में भी जाकर चेकिंग की। बम निरोधक दस्ता के साथ मौजूद कर्मचारियों ने हर सीट से लेकर मॉल के अलग-अलग हिस्सों में चेकिंग की।
शहर के बने होटल में भी पुलिस लगातार जाकर आने-जाने वाले लोगों की डिटेल ले रही है। रविवार से सार्वजनिक स्थलों के चेकिंग अभियान की शुरुआत की गई।
