Sawan 2023 : सावन के छठे सोमवार को शिवालयों में भक्तों की भीड़, जयकारों से गूंज उठे शिव मंदिर
फतेहपुर में सावन के छठे सोमवार को शिवालयों में भक्तों की भीड़।
फतेहपुर में सावन के छठे सोमवार को शिवालयों में भक्तों की भीड़ उमड़ी रही। हर-हर महादेव के नारों से मंदिर गूंज उठे।
फतेहपुर, अमृत विचार। फतेहपुर में सावन में शिवभक्ति में लीन शिवभक्तों पर इस महीने का छठवां सोमवार भोले भंडारी की कृपा बनकर बरसा। यही कारण रहा कि अधिमास के इस आखिरी सोमवार को शिवालयों में आस्था का ज्वार सारा दिन देखने को मिलता रहा। शिवभक्त, अपने आराध्य को विधि विधान से पूजा अर्चना कर प्रसन्न करते नजर आए। शिवालयों में उमड़ती भीड़ के कारण इनके रास्तों पर आस्था का रेला नजर आता रहा।
इस बार करीब दो महीने के सावन में आठ सोमवार पड़ रहे हैं। अधिमास 16 अगस्त से समाप्त हो रहा है। ऐसे में यह सोमवार अधिमास का आखिरी रहा। ऐसे में इस सावन की और महता बढ़ गई। यही कारण रहा कि भक्तों पर प्रसन्न रहने वाले भगवान शिव शंकर की आराधना का दौर चार बजे से देखने को मिलने लगा। शहर के तमाम रास्तों की की राह सिद्धपीठ तांबेश्वर मंदिर में खुलती नजर आई।
हर हर महादेव जय शिव शंभू के उद्घोष से समूचा शहर गूंजायमान रहा। बिंदकी के डूंडेश्वर मंदिर, कैलाश मंदिर, किल्लेश्वर मंदिर में आस्था का रेला नजर आता रहा। थवईश्वर धाम की बात हो या फिर गूढ़ेश्वर धाम की। सभी शिवालयों में विधि विधान से आस्था के शीश नवाने को भक्त जुटते रहे। वहीं मंदिर में भंडारे का आयोजन ग्राम प्रधान रमवा शिवम शिवहरे द्वारा कराया गया।
