बदायूं: घर के बाहर सो रहे रस्सी व्यापारी की गला रेतकर हत्या
बिल्सी, अमृत विचार। कोतवाली बिल्सी क्षेत्र में घर के बाहर चारपाई पर सो रहे रस्सी व्यापारी का गला रेतकर हत्या कर दी गई। पास में ही सो रही उनकी पत्नी और बेटी को पता तक नहीं चला। सुबह बेटी ने खून देखकर मां को जगाया। ग्रामीणों की सूचना पर सीओ बिल्सी व कोतवाली पहुंचे। एसएसपी ने मौका मुआयना किया। फारेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। परिजनों ने किसी पर भी आरोप नहीं लगाया है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। एसएसपी ने जल्द से जल्द घटना का खुलासा करने का निर्देश दिया।
बिल्सी कस्बा के मोहल्ला 8 के साहबगंज निवासी तेंजेंद्र सागर (42) पुत्र डोरीलाल रस्सी के व्यापारी थे। वह क्षेत्र में फेरी लगाकर रस्सी और खेलने वाले खिलौने बेचने का काम करते थे। रविवार को वह रात लगभग आठ बजे खाना खाने के बाद परिजनों से बात की। घर के बाहर चारपाई डालकर सो गए थे। कुछ समय के बाद आकर तेजेंद्र की पत्नी मिथलेश और छोटी बहन सो रही थी। तेंजेंद्र के बड़े बेटे अंशू के अनुसार सोमवार की सुबह बहन सबसे पहले सोकर उठी थी। उसने पिता की चारपाई के नीचे खून पड़ा देखा। उसने अपनी मां मिथलेश को जगाया। उन्होंने देखा कि तेजेंद्र का गला कटा हुआ था। चारपाई के नीचे फरसा पड़ा था।
मौके पर चीख पुकार मच गई। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दे दी। सीओ बिल्सी चंद्रपाल सिंह और बिल्सी कोतवाल बृजेश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। परिजन और ग्रामीणों से जानकारी की। परिजनों ने किसी से भी दुश्मनी होने से इंकार कर दिया। सीओ ने अधिकारियों और फारेसिंक टीम को सूचना दी।
फारेंसिक टीम पहुंची। फरसा कब्जे में लेकर उसके फिंगर प्रिंट लिए गए। कुछ समय के बाद एसएसपी डॉ. ओपी सिंह और एसओजी भी आ गई। मृतक की पत्नी मिथलेश ने बताया कि वह रात दो बजे सोकर उठी थी। उस दौरान तो घटना नहीं हुई थी। उसके बाद किसी ने तेजेंद्र की हत्या की है। एसएसपी ने कोतवाली पुलिस और एसओजी को जल्द घटना का खुलासा करने का निर्देश दिया है। तेजेंद्र सागर के बेटे अंशू की तहरीर पर कोतवाली बिल्सी पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। खुलासा के लिए तीन टीमें लगाई गई हैं।
घर के बाहर सोते समय युवक की धारदार हथियार से हत्या की गई है। घटनास्थल पर एक फरसा मिला है। अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच की जा रही है। खुलासा के लिए तीन टीमों को लगाया गया है। जल्द ही खुलासा किया जाएगा--- डॉ. ओपी सिंह, एसएसपी।
यह भी पढ़ें- बदायूं: गंगाजल लेकर आ रहे बरेली के कांवड़िए की मौत, मचा कोहराम
