संभल: महिला को पीटा और गले में रस्सी बांध घसीटकर मार डाला
छोटे बेटे ने बड़े भाई पर लगाया मां की हत्या करने का आरोप, सीओ मौके पर पहुंचे, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
संभल/रजपुरा, अमृत विचार : रजपुरा थाना क्षेत्र में खेत से चारा लेकर लौट रही महिला से मारपीट की और गले में रस्सी बांधकर घसीटते हुए हत्या कर दी गई। इससे परिवार में कोहराम मचा है। छोटे बेटे ने मां की हत्या करने का आरोप बड़े भाई पर लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच करते हुए मौके से साक्ष्य जुटाए।
थाना क्षेत्र के गांव शाहपुर निवासी भूरी देवी (52 ) के पति जयपाल की करीब 10 साल पहले लोगों ने हत्या कर दी थी। भूरी देवी के दो बेटे सत्यवीर और रिंकू हैं। सत्यवीर अलग घर में रहता है जबकि भूरी देवी छोटे बेटे रिंकू के साथ रहती थी। सोमवार को दोपहर में भूरी अपने खेत से चारा लेकर लौटने लगी। रास्ते में उससे मारपीट करते हुए गले में रस्सी बांधकर करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए हत्या कर दी गई।
कुछ ही देर में मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। इस बीच भूरी देवी के छोटे बेटे रिंकू ने थाने पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। रिंकू का कहना है कि जब भूरी देवी खेत से लौट रही थी तो रास्ते में उसे बड़ा भाई सत्यवीर मिला। आरोप लगाया है कि बड़े भाई सत्यवीर ने भूरी देवी की हत्या कर दी और भाग गया।
सीओ आलोक कुमार सिद्धू, प्रभारी निरीक्षक पवन कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटना के बारे में जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। थाना प्रभारी पवन कुमार का कहना रहा कि रिंकू ने बड़े भाई सत्यवीर पर भूरी देवी की हत्या करने का आरोप लगाते हुए सूचना दी है। वैसे दोनों भाईयों के बीच झगड़ा रहता है। भूरी देवी के गले पर निशान हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एक व्यक्ति के साथ भी रहती थी महिला: भूरी देवी की हत्या को लेकर चर्चाओं का माहौल भी रहा। कहा गया कि भूरी देवी का कई साल से गांव के ही एक व्यक्ति से संपर्क था। वह उसके साथ भी रहती थी। शायद यह सब बड़े बेटे सत्यवीर को ठीक नहीं लगता था। गुस्से में आकर उसने भूरी देवी की हत्या कर दी। हालांकि पुलिस कई बिंदुओं पर जांच को आगे बढ़ाते हुए हत्या का कारण तलाशने में जुटी है।
ये भी पढ़ें - संभल: हैदराबाद के आंदोलन में सात माह की काटी थी जेल
