पीलीभीत: पिता और चाचा के हत्यारों ने पेरोल पर छूटकर अब छात्र को मारी गोली...जानिए पूरा मामला
पीलीभीत/बीसलपुर, अमृत विचार। जानवरों के लिए घास काटने गए आईटीआई के छात्र पर पुरानी रंजिश में हमला कर दिया गया। घटना बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अखौला में गुरुवार सुबह हुई। गांव के निवासी 18 वर्षीय आईटीआई छात्र अनुज त्रिवेदी सुबह घर से आधा किमी की दूरी पर स्थित अपने खेत की तरफ गया था।
आारोप है कि वहां पर पहले मौजूद रमेश चंद्र, उसके दो बेटे शिवनेस और कुशलेस ने गाली गलौज कर विवाद शुरू कर दिया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की। जिसके बाद जानलेवा हमला करते हुए सीने पर गोली मार दी। बता दें कि आरोपी 2009 में छात्र के पिता और चाचा की हत्या कर चुके हैं। जिसमें उन्हें सजा भी हुई थी। बीते साल ही पेरोल पर छूटकर आए हैं।
आनन-फानन में परिजन घायल अनुज को सीएचसी बीसलपुर लेकर आए। प्राथमिक इलाज के बाद उसे बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, पुलिस मौका मुआयना कर कार्रवाई में जुट गई है। एसपी अतुल शर्मा ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करा रहे हैं। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ये भी पढ़ें- पीलीभीत: बनाया फर्जी मैरिज सर्टिफिकेट...पहुंचा युवती के पिता के पास, विदा कराने का बनाने लगा दबाव
