संभल: हाथरस से कंटेनर समेत चोरी 41 नई बाइक बरामद, छह लोग गिरफ्तार...उधमसिंहनगर से मध्यप्रदेश जा रहा था कंटेनर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गिरोह ने हाथरस के सादाबाद क्षेत्र में ढ़ाबे से चोरी कर लिया कंटेनर, बेचने के लिए संभल ला रहे थे कंटेनर, पुलिस ने शहर में घुसने से पहले पकड़ लिए बदमाश

संभल, अमृत विचार। संभल जनपद की सदर कोतवाली पुलिस ने हाथरस से चोरी किये गये नई बाइकों से लदे कंटेनर को बरामद कर वारदात को अंजाम देने वाले शातिर को गिरफ्तार कर लिया। कंटेनर से 37 बाइक व एसेसरीज बरामद हुई जबकि बाद में पुलिस ने रजपुरा थाना क्षेत्र में ढ़ाबे पर बेची गई पांच में से चार बाइक बरामद कर ढ़ाबा संचालक सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया। बरामद बाइकों व एसेसरीज की कीमत 75 लाख बताई जा रही है।

  • ढ़ाबे पर बेची गई पांच में से चार बाइकों को भी कर लिया गया बरामद
  • पकड़े गये छह आरोपियों में गिरोह का सरगना रामअवतार उर्फ सागर राघव उर्फ जहरीला भी शामिल

उत्तराखंड के उधमसिंह नगर जनपद स्थित प्लांट से बजाज कंपनी की 42 बाइक व एसेसरीज लेकर कंटेनर संख्या आरजे09 जीबी 5998 मध्यप्रदेश के बुरहानपुर इंदौर में डीलर शोरूम पर डिलीवरी के लिए रवाना हुआ था। हाथरस जनपद के  सादाबाद क्षेत्र में 15 अगस्त को कंटेनर चालक खाना खाना व आराम करने के लिए  चौधरी रेस्टोरेंट पर रुका तो वहां से कंटेनर चोरी कर लिया गया। चालक की सूचना पर कंपनी ने कंटेनर में लगे जीपीएस से लोकेशन जानी तो पता चला कि कंटेनर वापस उसी रास्ते पर आ रहा है जिससे गया था। बाद में जीपीएस डिस्कनेक्ट कर दिया गया। इसके बाद हाथरस पुलिस ने अलीगढ़,बुलंदशहर व संभल आदि जनपदों की पुलिस को सूचना दी। 

demo im age l5

पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि कोतवाल ओमकार सिंह बुधवार रात को  इंस्पेक्टर क्राइम नरेश कुमार व अन्य टीम के साथ बुधवार देर रात गवां-संभल मार्ग पर चैकिंग कर रहे थे तब कमलपुर के निकट संदेह होने पर कंटेनर को रोका गया। कंटेनर को खोलकर देखा गया तो उसमें 37 बाइक लदी थीं। कंटेनर चला रहे व्यक्ति से पूछताछ की गई तो उसने हाथरस से कंटेनर चोरी करने और  रजपुरा थाना क्षेत्र में गुड्डू ढ़ाबे पर पांच बाइक बेचने की बात बताई। पकड़े गये व्यक्ति ने अपना नाम रामअवतार उर्फ सागर राघव उर्फ जहरीला निवासी रुसी थाना छतारी जनपद बुलंदशहर बताया।

 जहरीला ने बताया कि वह पर शहर में जीशान को बाइक व कंटेनर बेचने के लिए ला रहा था। कोतवाल ओमकार सिंह ने बताया कि ढा़बा संचालक सहित पांच लोगों को गिरफ्तार कर चार बाइकें बरामद की गई हैं। इस तरह कुल 41 बाइक,एसेसरीज व कंटेनर सहित 75 लाख की संपत्ति की बरामदगी कर छह की गिरफ्तारी हुई है।

पांच हजार में नई बाइक के लालच में पहुंच गये जेल
संभल। कंटेनर चोरी करने वाले शातिर बदमाश राम अवतार उर्फ सागर राघव उर्फ जहरीला की रजपुरा थाना क्षेत्र में दीपपुर गांव के  पास मुख्य मार्ग पर बने गुड्डू होटल के मालिक गुड्डू निवासी करकोरा से पहले से साठगांठ थी।

वह हाथरस से कंटेनर लूटकर गुड्डू के ढ़ाबे पर पहुंचा। उसने गुड्डू से कुछ बाइकें बिकवाने को कहा तो गुड्डू ने कुछ ही देर में पांच-पांच हजार रुपये में पांच बाइक अपने परिचित लोगों को बिकवा दीं। संभल पुलिस की पूछताछ में गिरोह के सरगना जहरीला ने ढ़ाबे पर पांच बाइक बेचने की बात बताई तो पुलिस ने गुड्डू निवासी करकोरा को गिरफ्तार कर लिया। फिर उसकी निशानदेही पर  जगदीश पुत्र सोमपाल,जीतपाल पुत्र दफेदार निवासी ग्राम बैरपुर थाना जुनावई जनपद संभल,अवधेश पुत्र सोमपाल निवासी ग्राम कासिमपुर ललरोई थाना जुनावई जनपद संभल के साथ ही विजेंद्र पुत्र गजराम निवासी सिलहरी थाना सहसवान जिला बदायूं को गिरफ्तार कर इनके कब्जे से चार बाइकें बरामद कर लीं। फरार राहुल निवासी गांव घोंसली थाना जुनावई व जीशान निवासी संभल की तलाश की जा रही है।

ये भी पढ़ें:- रामपुर: दीवार कूदकर सोती युवती को भगा ले गया पड़ोसी युवक, जानिए आगे क्या हुआ

संबंधित समाचार