संभल: भाजपा के पास उपलब्धियां, विपक्ष के पास गुंडे माफिया व भ्रष्टाचार
सारा विपक्ष एक होकर भी नहीं रोक सकता मोदी की विजय यात्रा, तुष्टीकरण भ्रष्टाचार परिवारवाद की राजनीति का 2024 में होगा खात्मा
बहजोई(संभल), अमृत विचार। प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए कहा कि सारा विपक्ष एक हो जाये तब भी नरेंद्र मोदी की विजय यात्रा को नहीं रोक सकता। भाजपा के पास बताने के लिए सरकार की उपलब्धियां है जबकि विपक्षी दलों के पास गुंडे, माफिया व भ्रष्टाचार है। 2024 में मोदी फिर से तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे और देश से परिवारवाद,भ्रष्टाचार व तुष्टीकरण की राजनीति का अंत होगा।
- 2024 लोकसभा चुनाव में भाजपा जीतेगी प्रदेश में 80 की 80 सीटें: डिप्टी सीएम
- कार्यकर्ताओं की बैठक में डिप्टी सीएम ने 80 सीटें जीतने का कार्यकर्ताओं को दिया मंत्र
जनपद संभल के बहजोई में भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक के दौरान उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कोई कितने भी गठबंधन कर ले वह सफल होने वाले नहीं है। भाजपा कार्यकर्ताओं के बल पर यूपी में 80 की 80 सीट जीतेगी और 2024 में एक बार फिर से नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ने कहा कि जिस तरह हनुमान जी के सीने में सीता राम की मूर्ति विराजमान रहती है उसी तरह इस देश के गरीब और किसान के मन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रहते हैं। भाजपा का कार्यकर्ता हनुमान जी की तरह शक्तिशाली है लेकिन कभी कार्यकर्ता अपनी शक्ति भूल जाते हैं तो विपक्ष को बीजेपी का रथ रोक पाने की गलतफहमी हो जाती है। संभल के सपा सांसद शफीकुर्रहमान बर्क पर निशाना साधते हुए केशवप्रसाद मौर्य ने कहा कि भारत में रहकर भारत माता की जय न बोलना अशोभनीय है और यह अस्वीकार है। 2024 के चुनाव में संभल की जनता इसका हिसाब करेगी।
सपा पर करारा हमला बोलते हुए केशवप्रसाद मौर्य ने कहा कि अब भतीजे अखिलेश यादव के रामपुर के चाचा आजम खां का गढ़ भी फेल हो गया। वहां भी कमल खिल गया है। भाजपा सरकार गरीबों का कल्याण किसान का उत्थान करने के लिए है। जो भूखा है उसे दो वक्त का भोजन खिलाने का काम भाजपा सरकार कर रही है।
इस दौरान माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी, प्रदेश उपाध्यक्ष सत्यपाल सैनी,क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेश सिंघल, जिलाध्यक्ष ओमवीर सिंह खड़कवशी, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अनामिका यादव, बहजोई चेयरमैन राजेश शंकर राजू, कमल कुमार कमल, कुमोद वार्ष्णेय, पूर्व विधायक सतेंद्र सिंह, पूर्व एमएलसी परमेश्वर लाल सैनी, पूर्व विधायक अजीत यादव उर्फ राजू यादव,हरेंद्र सिंह रिंकू, धीरेंद्र यादव,विकास आरके, चिराग वार्ष्णेय सहित आदि मौजूद रहे। संचालन जिला महामंत्री कमल कुमार कमल ने किया।
ये भी पढ़ें:- ब्रिटिश म्यूजियम से बहुमूल्य ऐतिहासिक वस्तुओं की चोरी, कर्मचारी को किया बर्खास्त
