बांदा: सपा सुप्रीमो के काफिले में लग्जरी कार से आए चोरों को पुलिस ने पकड़ा, 15 मोबाइल बरामद
बांदा,अमृत विचार। सपा सुप्रीमो के काफिले में लग्जरी कार से आए चोरों ने कार्यकर्ताओं के मोबाइल और पर्स चोरी करना शुरू कर दिया। सर्किट हाउस में सपा सुप्रीमो के आते ही भीड़ जमा हो गई। चोरों ने अपना काम दिखाना शुरू कर दिया। इस पर पुलिस कर्मियों की निगाह पड़ गई। पुलिस कर्मियों और कार्यकर्ताओं ने चोरों को जमकर पीटा। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 15 मोबाइल, पर्स और कुछ नकदी रुपया बरामद किया गया। पुलिस ने पांच चोरों को गिरफ्तार कर लिया।
समाजवादी पार्टी का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शहर के जेएन कालेज परिसर में चल रहा है। गुरुवार को प्रशिक्षण शिविर का समापन होना था। बुधवार की शाम सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव अपने काफिले के साथ सर्किट हाउस पहुंचे। लोक जागरण यात्रा के साथ दो वाहनों में चोर गिरोह के सदस्य भी घुस गए। एक गाड़ी दिल्ली गाजियाबाद की थी, जबकि दूसरी गाड़ी हरियाणा नंबर की थी। इसमें चोरों का गैंग काफिले के साथ जगह-जगह स्वागत में रुकता रहा।
जैसे ही सपा सुप्रीमो का काफिला सर्किट हाउस पहुंचा, सपा कार्यकर्ता स्वागत में जुट गए। तभी चोरों ने कार्यकर्ताओं के मोबाइल, पर्स चोरी करना शुरू कर दिया। इस पर एक पुलिस कर्मी की मोबाइल चोरी करते समय चोर पर निगाह पड़ गई। पुलिस कर्मियों ने चोर को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसकी पैंट की मोहरी से मोबाइल बरामद किया गया। एक के बाद एक करके करीब पांच चोरों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से 15 मोबाइल, पर्श, नकदी रुपया बरामद किया गया है।
सपा कार्यकर्ताओं की मानें तो चोर काफी दूर से काफिले के साथ पीछा करते चले आ रहे थे। जहां पर भी काफिला रुकता था, वहां पर दौड़कर आ जाते थे और कार्यकर्ताओं के बीच घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। सीओ सिटी गवेंद्रपाल गौतम ने बताया कि चोर दो लग्जरी गाड़ियों में आए थे। उनको गिरफ्तार कर पूछतांछ की जा रही है।
