कांग्रेसियों ने अजय राय को अध्यक्ष बनाने पर हाईकमान को बधाई दी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, कानपुर। पूर्वांचल में खासकर वाराणसी के कद्दावर नेता कहे जाने वाले अजय राय को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष बनाए जाने पर शहर के कांग्रेसियों ने हाईकमान को बधाई दी। उनका कहना है कि चुनावी साल में अजय राय से पार्टी को मजबूती मिलेगी। विपक्षी गठजोड़ को लोकसभा चुनाव में मजबूती मिलेगी।

अजय राय को ब्रजलाल खाबरी के स्थान पर लाया गया है। वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ चुके हैं। यह परिवर्तन प्रियंका के प्रभारी पद छोड़ने के बाद किया गया है। एक अक्टूबर 2022 खाबरी को अजय कुमार लल्लू को हटाकर अध्यक्ष बनाया गया था। खाबरी साल भर भी नहीं टिक पाए। 

पूर्व विधायक भूधरनारायण मिश्रा, अजय कपूर, नेकचंद पांडे, संजीव दरियाबादी, कुलदीप सिंह, हाफिज मोहम्मद उमर, गणेश दीक्षित ने संयुक्त बयान जारी करके अजय राय को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के लिए पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी को धन्यवाद ज्ञापित किया। पूर्व शहर अध्यक्ष हरप्रकाश अग्निहोत्री, पूर्व महासचिव अनिल वाजपेयी भुल्लड़, कृपेश त्रिपाठी, निजामुद्दीन खां, एआईसीसी सदस्य आलोक मिश्रा, पवन गुप्ता, मदनमोहन शुक्ला, महेश दीक्षित चच्चू ने अजय राय को बधाई दी। इन नेताओं ने कहा कि अजय राय के आने से पार्टी को यूपी में मजबूती मिलेगी। 

पांच बार के विधायक रहे अजय राय के पद संभालने को लेकर बीते छह माह से चर्चा थी। पार्टी के नेता कहते हैं कि विधानसभा चुनाव में पार्टी की करारी हार के कारण ब्रजलाल खाबरी को हटाया गया। वह पार्टी दलितों को पार्टी से जोड़ने में विफल रहे। 19 अक्टूबर 1969 को जन्मे अजय राय कमोबेश उर्जावान युवा चेहरा बताए जा रहे हैं। उनकी राजनीतिक पारी 1996 में भाजपा से शुरू हुई थी। वह कांग्रेस में बीते कई सालों संगठन में महत्वपूर्ण कार्य करते रहे हैं। प्रयागराज क्षेत्र का अध्यक्ष बनाए गए थे जिसमें 12 जिले आते हैं।

यह भी पढ़ें:-कानपुर: झूठा फंसाया गया मुझे, अल्लाह मेरा वकील, इंसाफ होगा..., आगजनी के मुकदमे में इरफान समेत पांच आरोपियों की हुई पेशी

संबंधित समाचार