बहराइच : घर से लापता मासूम बालिका का कुंए में मिला शव, हत्या का आरोप
बहराइच, अमृत विचार। जिले के बेहटाभया गांव निवासी ढाई वर्षीय बालिका गुरुवार शाम को घर के सामने खेलते समय रहस्यमय हालत में गायब हो गई। कुछ देर बाद उसका शव गांव में स्थित कुएं से बरामद हुआ। परिवार के लोगों ने रंजिश में बालिका को कुएं में फेंकने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रामगांव थाना क्षेत्र के बेहटाभया गांव निवासी अशोक कुमार की ढाई वर्षीय बेटी अंशिका गुरुवार शाम को घर के सामने खेल रही थी। खेलते समय बालिका रहस्यमय हालात में गायब हो गई। कुछ देर बाद ही परिवार के लोग बालिका की खोजबीन करने लगे। गांव के बाहर स्थित तालाब में बालिका का शव परिवार के लोगों ने उतराता देखा। इस पर सभी रोने लगे। चीख सुनकर अन्य लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। प्रभारी निरीक्षक अमितेंद्र कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बालिका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृत बालिका के चाचा शोभाराम ने रंजिश में बालिका को कुएं में फेके जाने और हत्या का आरोप लगाया है। थानाध्यक्ष का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
ये भी पढ़ें - गृहमंत्री अमित शाह ने ग्रेटर नोएडा में रोपा चार करोड़वां पौधा, बोले - अब पर्यावरण की सुरक्षा भी कर रहे हैं जवान
