Etawah News: महिला की संदिग्ध हालात में मायके में मौत, भाई ने पति पर लगाया मारपीट का आरोप, जानें- पूरा मामला
इटावा में महिला की संदिग्ध हालात में मायके में मौत।
इटावा में महिला की संदिग्ध हालात में मायके में मौत हो गई। भाई ने पति पर मारपीट का आरोप लगाकर शव रखकर हंगामा किया।
इटावा, अमृत विचार। जसवंतनगर से अपने मायके घटिया अजमत अली आई एक महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मायके वालों ने पति पर मारपीट करने से आई चोटों से मौत होने का आरोप लगाया है। कार्रवाई की मांग को लेकर मायके वालों ने मृतका के शव को एसएसपी चौराहे पर रख दिया। जानकारी मिलने पर पीआरओ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा बुझाकर शांत किया।
जसवंतनगर कस्बा के मोहल्ला लुधपुरा निवासी राजू सैनी अपनी पत्नी लक्ष्मी को गुरूवार की रात को उसके मायके कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला घटिया अजमत अली में छोड़ गया था। बाद में उसकी मौत हो गई। मृतका के भाई राजीव सैनी ने आरोप लगाया कि उसके बहनोई राजू ने उसकी बहन लक्ष्मी के साथ मारपीट की थी। जिससे उसकी हालत खराब हो गई। हालत बिगड़ने के बाद वह उसे मायके छोड़कर चला गया।
पति के द्वारा की गई मारपीट से लक्ष्मी को गंभीर चोट आई जिससे उसकी मौत हो गई। उसने राजू के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग को लेकर परिवार के लोगों के साथ लक्ष्मी के शव को चार पहिया ठेले पर रखकर एसएसपी आवास के बाहर पहुंचा।
जानकारी मिलने के बाद पीआरओ मौके पर पहुंचे और पीडितों की बात सुनी और परिजनों को कार्रवाई का भरोसा दिया। उन्होंने सिविल लाइन थाना पुलिस को मौके पर बुलाकर पंचनामा भरकर पोस्ट मार्टम कराने का कहा। बाद में परिजन शव लेकर चले गए।
