Jalaun Accident: वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, एक साथी घायल, बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे पर हुआ हादसा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जालौन में बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत।

जालौन में बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई। हादसे में एक साथी गंभीर रुप से घायल हो गया।

जालौन, अमृत विचार। बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे से झांसी की ओर जा रहे बाइक सवारों को अज्ञात ट्रक ने टक्कर मारी। हादसे में बाइक सवार एक मजदूर युवक की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। यूपीडा के कर्मचारी ने दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया। यहां पर एक को मृत घोषित कर दिया गया जबकि दूसरे की हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार बिहार के सीतामढ़ी क्षेत्र के नंदवारा निवासी मजदूर प्रमोद कुमार 28 वर्ष व उनका साथी मुकेश कुमार शुक्रवार की दोपहर बाइक से औरैया की ओर से झांसी की ओर आ रहे थे। औरैया रोड पर यमुना का पुल बंद होने से दोनों बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे पर पहुंच गए। यहां से जैसे ही उनकी बाइक किमी संख्या 209 प्वाइंट पर पहुंची तभी पीछे की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक के चालक ने बाइक में टक्कर मार दी।

ट्रक की टक्कर लगने से बाइक सवार दोनों युवक बाइक समेत वहीं पर गिर पड़े। दोनों के ही गंभीर चोटे आई। मौके से निकल रहे यूपीडा के कर्मचारी ने अपनी कार से दोनों को सीएचसी लेकर आए। जहां डॉक्टरों ने प्रमोद को देखते ही मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर रूप से घायल मुकेश को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। जहां मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान हुई। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना देकर उसके शव का पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

संबंधित समाचार