बरेली: डिप्टी सीएम ने माना, जल निगम में अफसर बेलगाम और भ्रष्टाचार चरम पर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

ब्लॉक प्रमुखों के सम्मेलन में कहा- जिस भी जिले में समीक्षा की, वहां ऐसा ही हाल मिला

बरेली, अमृत विचार। तमाम जिलों में करोड़ों की परियोजनाओं पर काम कर रहे जल निगम की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में पहले से ही है, अब भ्रष्टाचार पर नो टॉलरेंस का नारा देने वाली सरकार के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी माना है कि जल निगम में अफसर बेलगाम हैं और भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया है। शुक्रवार को उन्होंने यह बात यहां आयोजित ब्लॉक प्रमुखों और खंड विकास अधिकारियों के सम्मेलन में मंच से कही।

सर्किट हाउस के सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में केशव प्रसाद ने कहा कि डबल इंजन सरकार में भाजपा का ध्यान विकास पर है। प्रधानमंत्री की मंशा है कि हर घर नल से जल का सपना पूरा हो, लेकिन अब तक उन्होंने जिस भी जिले में समीक्षा की, उसमें यही पता चला कि जल निगम के अफसर पूरी तरह बेलगाम हो चुके हैं और भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि बड़े-बड़े ठेकेदारों ने काम हथियाने के बाद साठगांठ कर छोटे ठेकेदारों को काम दे दिया। गांवों में घरों में दिए जा रहे कनेक्शनों की भी जल निगम के अफसर भी कोई मानीटरिंग नहीं करते।

कुछ ब्लॉक प्रमुखों ने इस बीच खुदाई के बाद बिछाई जा रही पाइप लाइन की गुणवत्ता पर सवाल उठाए तो डिप्टी सीएम ने कहा कि पाइप लाइन बिछाने में मनमानी करने वाले ठेकेदार और जल निगम के अफसर किसी कीमत पर बचेंगे नहीं। उन्होंने सभी सीडीओ को निर्देश दिया कि खुदाई के बाद गांवों में उखड़ी सड़कों से आवागमन में दिक्कत न हो, इसके लिए पाइप लाइन की टेस्टिंग होते ही हर हाल में सड़क का निर्माण करा दिया जाए।

यह भी पढ़ें- बरेली: बिन पानी की मछली की तरह सत्ता के लिए तड़प रहे हैं अखिलेश- डिप्टी सीएम

संबंधित समाचार