संभल: बिजली का तार टूटकर बाइक सवार पर गिरा, करंट से मौत
संभल/रजपुरा, अमृत विचार। रजपुरा थाना क्षेत्र में बिजली का तार टूटकर बाइक सवार के ऊपर जा गिरा। करंट की चपेट में आकर बाइक सवार की मौत हो गई। बिजली विभाग को हादसे का जिम्मेदार बताकर परिवार के लोगों ने कार्रवाई की मांग की है।
कैला देवी थाना क्षेत्र के मिलक साकिन शोभापुर खालसा गांव निवासी 40 वर्षीय सत्यपाल सिंह उर्फ सत्यभान शनिवार को अपनी गांव पाठकपुर स्थित अपनी ससुराल से बाइक पर सवार होकर गांव लौट रहा था। रजपुरा थाना क्षेत्र में जैतोरा सागरपुर में बिजली का तार सड़क पर लटक रहा था।
जब सत्यपाल वहां से गुजर रहा था तभी अचानक तार टूटकर सत्यपाल के ऊपर जा गिरा। इसमें प्रवाहित करंट की चपेट में आकर सत्यपाल बुरी तरह झुलस गया। आनन-फानन में सत्यपाल को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रजपुरा में भर्ती कराया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार के लोगों ने बिजली विभाग को हादसे का जिम्मेदार बताया है।
ये भी पढ़ें:- संभल: गंगा उफनाने से छह गांवों में घुसा पानी, लोगों की चिंता बढ़ी
