शाहजहांपुर: दो बेटों की मदद से भाई की सोते समय कुल्हाड़ी से प्रहार कर हत्या

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जलालाबाद/शाहजहांपुर, अमृत विचार। शीकमपुर गांव में एक व्यक्ति ने अपने दो पुत्रों की मदद से शनिवार रात सोते समय भाई की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद शव को पिता के दरवाजे पर डाल दिया। घटना से गांव में सनसनी फैल गई। एएसपी ग्रामीण, सीओ जलालाबाद तथा थाना प्रभारी मौके पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटना की जानकारी मृतक के पिता से ली। आरोपी मृतक की जमीन हड़पना चाहता था।

थाना क्षेत्र के गांव शीकमपुर निवासी 40 वर्षीय सोने सिंह अपने पिता शेर सिंह के पड़ोस में मकान में अकेला रहता था। उसकी शादी नहीं हुई थी। सोने सिंह के पड़ोस में उसका भाई पप्पू सिंह अपने परिवार के साथ रहता है। शनिवार रात 11 बजे सोने सिंह अपने मकान में सो रहा था। पप्पू सिंह और उनके दो पुत्रों ने अपने मकान की दीवार पर सीढ़ी लगाई और सोने सिंह की छत पर आने के बाद मकान में आ गए। इस दौरान पप्पू सिंह ने अपने दो पुत्रों की मदद से भाई सोने सिंह की कुल्हाड़ी से प्रहार कर हत्या कर दी। 

आरोपियों ने हत्या करने के बाद सोने सिंह का शव खींचकर दरवाजा खोलकर मृतक के पिता शेर सिंह के दरवाजे पर लाकर फेंक दिया। हत्या करने के बाद पप्पू सिंह अपने दो बेटों के साथ भाग गया। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सोलंकी फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे  और मकान में जाकर देखा कि सोने सिंह  की चारपाई पर खून पड़ा था। खून के दाग घर के बाहर दरवाजे तक पड़े थे। इधर, एएसपी ग्रामीण संजीव कुमार वाजपेयी व सीओ जलालाबाद अजय कुमार राय घटना स्थल पर पहुंचे और मौका मुआयना किया। 

वहीं पुलिस लाइन से फोरेंसिक टीम घटना स्थल पर पहुंची और साक्ष्य के लिए नमूने लिए। मृतक सोने सिंह के पिता शेर सिंह ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि वह दो भाई थे। जिसमें उसके भाई सूरत सिंह अविवाहित थे और उनकी 20 बीघा जमीन मिली थी। उस जमीन को तीन पुत्रों में बराबर करके बांट दिया था। आरोपी पप्पू की पत्नी निर्मला मृतक सोने सिंह की जमीन अपने नाम करवाना चाहती थी। सोने सिंह ने जमीन देने से मना कर दिया था। इसी रंजिश के चलते पप्पू ने अपने दो पुत्रों की मदद से भाई की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सोलंकी ने बताया कि आरोपी पप्पू और उसके दो बेटे विनोद व प्रमोद के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

पप्पू सिंह ने अपने दो बेटों की मदद से भाई पप्पू की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी है। घटना का कारण बताया जाता है कि आरोपी अपने भाई की जमीन हड़पना चाहता था। मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।- संजीव कुमार वाजपेयी, एएसपी ग्रामीण

ये भी पढे़ं- शाहजहांपुर: कब्रिस्तान के पास कुएं की सफाई को लेकर बवाल, दो समुदायों में तनातनी

 

 

संबंधित समाचार