शाहजहांपुर: कब्रिस्तान के पास कुएं की सफाई को लेकर बवाल, दो समुदायों में तनातनी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

तिलहर/शाहजहांपुर, अमृत विचार। कब्रिस्तान के पास पुराने कुएं की सफाई को लेकर दो समुदायों के बीच रविवार को विवाद हो गया। दोनों पक्षों में जमकर कहासुनी हुई। गनीमत रही कि पुलिस ने तत्परता से मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझा लिया। हालांकि मोहल्ले में तनाव है। दोनों पक्षों से संबंधित कागजात राजस्व अधिकारियों को दिखाने के निर्देश दिए।

नगर के मोहल्ला दोदराजपुर में रविवार की सुबह उस समय बवाल होने लगा जब हिंदू पक्ष के तमाम लोग एकत्रित हुए और मोहल्ले के ही एक कब्रिस्तान के पड़ोस में कुएं की साफ सफाई करने लगे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोग आ गए और कुएं को कब्रिस्तान का बताने लगे। समुदाय विशेष के लोगों ने कुआं की सफाई कर रहे लोगों का विरोध करना शुरू कर दिया। इससे दोनों पक्षों में जमकर कहासुनी हुई। इसी दौरान किसी ने पुलिस को सूचना दे दी।

मोहल्ले में दो संप्रदाय के लोगों में कहासुनी की सूचना नगर पालिका परिषद सभासद पति उपेंद्र पाल सिंह को मिली तो वह भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने दोनों पक्षों की सुनकर मामले को शांत करने का भरकश प्रयास किया, लेकिन लोग नहीं मानें। मामला दो समुदायों का होने के कारण कोतवाल धनंजय सिंह पुलिस बल के साथ पहुंच गए। पुलिस ने दोनों पक्षों से कहा कि अपने-अपने अभिलेख राजस्व अधिकारियों को सोमवार को दिखाएं, जिसके पास कागजात होंगे, उसका कुआं माना जाएगा।

ये भी पढे़ं- शाहजहांपुर: हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौत, परिवार में मचा कोहराम

 

संबंधित समाचार