Nag Panchami 2023 : नाग पंचमी आज, Kanpur के एक दर्जन अखाड़ों में पहलवान दिखाएंगे दम, पढ़ें- पूरी खबर
कानपुर में नाग पंचमी के अवसर पर शहर के अखाड़े सज गए।
कानपुर में नाग पंचमी के अवसर पर शहर के अखाड़े सज गए। एक दर्जन अखाड़ों में पहलवान दम दिखाएंगे। घरों में भी पारंपरिक पूजन होगा।
कानपुर, अमृत विचार। नागपंचमी पर्व आज मनाया जाएगा। नागपंचमी पर शहर में दंगल की परंपरा के चलते रविवार को लगभग एक दर्जन अखाड़ों में तैयारी होती रही। मैस्करघाट स्थित अखाड़ा में दंगल भी हुआ। उधर, रविवार को भक्तों ने गंगा आरती के साथ सावन के पर्व पर शिव मंदिरों में जाकर महादेव के दर्शन किए। महिलाओं ने नाग पंचमी पर्व पर घरों में होने वाले पूजन के लिए खरीदारी भी की।
नाग पंचमी और सावन के सोमवार को लेकर शहर के पारंपरिक अखाड़े सजते रहे। भगवतदास घाट स्थित अखाड़े के प्रमुख पहलवान दिनेश पाण्डेय ने जानकारी दी कि नाग पंचमी पर उनके भगवतदास घाट स्थित आजाद हिंद व्यायामशाला में दंगल आयोजित किया जाएगा। इस दंगल में 60 पहलवान शिरकत करेंगे। दंगल के दौरान नए पहलवानों की ओर से गुरु भी चुने जाएंगे।
इसी तरह अखाड़े के लेजम सिंह यादव ने जानकारी दी कि इस बार अखाड़े एक महीने देरी से खुलेंगे। इसकी वजह माटी में नमी का पहले आ जाना रहा है। परंपरा के अनुसार नाग पंचमी पर ही शहर के सभी अखाड़ों पर विशेष पूजन होता है।
इन अखाड़ों में होगा दंगल
गोमा पहलवान का अखाड़ा शिवाला, लाठी मोहाल अखाड़ा, गुप्तारघाट अखाड़ा, परमट अखाड़ा, पीरोड अखाड़ा, रेल बाजार अखाड़ा, जाजमऊ अखाड़ा, मीरपुर अखाड़ा, गोला घाट अखाड़ा।
शिव मंदिरों में उमड़े भक्त
नाग पंचमी और सावन के सोमवार से पहले मिली छुट्टी पर रविवार को शिव मंदिरों में भक्तों की भीड़ रही। भक्तों ने महादेव के समक्ष जलाभिषेक कर सौभाग्य मांगा। परमट स्थत आनंदेश्वर मंदिर, जाजमऊ स्थित सिद्धनाथ मंदिर, पीरोड स्थित वनखंडेश्वर मंदिर, नवाबगंज स्थित जागेश्वर महादेव मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ रही। मॉल रोड स्थित खेरेपति मंदिर में आकर्षक श्रृंगार हुआ। सोमवार को भक्तों के दर्शन के लिए यहां पर विशेष व्यवस्था की जाती रही।
मैस्कर घाट पर भी हुआ आयोजन
मैस्कर घाट पर शहीद स्मारक समिति की ओर से विभिन्न आयोजन हुए। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह ध्वजारोहण से हुआ। इसके बाद बाबा सुराजेश्वर का श्रृंगार किया गया। समारोह में दोपहर को दंगल भी आयोजित किया गया। इस दंगल में इटावा, फतेहपुर, लखनऊ, उन्नाव सहित अन्य जिलों के पहलवानों ने दांव दिखाया। कार्यक्रम में राजेन्द्र अवस्थी, राकेश शुक्ला, राकेश अग्रवाल, राजेश गुप्ता सहित अन्य मौजूद रहे।
