अयोध्या : जिले के 1492 किसानों को पहली बार मिली सम्मान निधि
अयोध्या, अमृत विचार । अन्नदाताओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार की ओर से चलाई जा रही महत्वकांक्षी पीएम किसान सम्मान निधि योजना का लाभ जनपद के किसानों को मिल रहा है। जारी हुई 14वीं किस्त में 1492 किसानों को पहली बार सम्मान निधि मिली है। इस बार योजना का लाभ पाने वाले किसानों की संख्या पिछली बार 375015 की अपेक्षा बढ़कर 376507 हो गई है। कृषि विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार 14वीं किस्त माह अगस्त तक किसानों को 862.70 करोड़ का भुगतान हो चुका है।
कृषि विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत जारी हुई 14वीं किस्त भी किसानों के खातों में पहुंच गई है। इस बार 376507 किसानों को 14वीं किस्त की धनराशि सम्मान निधि के रूप में उनके खाते में जा चुकी है। हालांकि इस बार जनपद के 1492 किसानों को किसान सम्मान निधि के रूप में पहली किस्त मिली है। जबकि पिछली बार 375015 किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि योजना से आच्छादित हुए थे। उप कृषि निदेशक डॉ. संजय त्रिपाठी ने बताया कि जनपद के अधिक से अधिक किसानों को योजना का लाभ दिलाए जाने को लेकर ग्राम पंचायत स्तर पर संतृप्तिकरण अभियान भी चलाया गया था। जिसके तहत कृषि विभाग के अलावा अन्य विभागों के अधिकारियों ने किसान सम्मान निधि से वंचित रहे पात्र किसानों की समस्याओं का समाधान कराया गया था। इस बार पीएम किसान सम्मान निधि की 14वीं किस्त जारी हुई है। 14वीं किस्त माह अगस्त तक सम्मान निधि के रूप में 862.70 करोड़ का भुगतान किसानों के खातों में हो चुका है।
अभी भी योजना से वंचित हैं 36 हजार किसान
केंद्र सरकार की महत्वकांक्षी पीएम किसान सम्मान निधि योजना के लाभ से जनपद के 36 हजार किसान अभी भी वंचित हैं। कृषि विभाग के आंकड़ों के अनुसार इस बार 376507 किसानों को योजना का लाभ मिला है जबकि विभाग में कुल 412598 किसान पंजीकृत हैं। आंकड़ों पर नजर डालें तो 36091 किसानों को इस बार योजना का लाभ नहीं मिला। उप कृषि निदेशक डॉ. संजय त्रिपाठी ने बताया कि किसान रोजाना ऑनलाइन पंजीकरण करते हैं, ओपर सोर्स अप्रूव होने में समय लगता है। हालांकि किसानों की समस्याओं का समाधान कर योजना का लाभ दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।
तहसीलवार लाभार्थियों की संख्या
तहसील लाभार्थियों की संख्या भुगतान (करोड़ों में)
बीकापुर 84177 191.6038
फैजाबाद 73478 170.371
मिल्कीपुर 83100 188.2236
रुदौली 70762 162.1636
सोहावल 64990 150.3384
यह भी पढ़ें : जौनपुर में तालाब में डूबने से तीन बच्चों की मौत
