पीलीभीत: पहनने के कपड़े नहीं थे काट रहे कालोनियां, झोपड़ी वालों ने बना लिए आश्रम- वरुण गांधी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

भाजपा सांसद वरुण गांधी ने यह भी कहा कि मैंने न खुद कमीशन खाया, न किसी को खाने दिया

पीलीभीत, अमृत विचार। भाजपा सांसद वरुण गांधी दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन भी तल्ख तेवरों में नजर आए।  उन्होंने कहा कि चुनाव में आप जिनको जिताते हो वह लोग आपके हक पर हाथ डाल देते हैं और मनमानी करते हैं। ऐसे लोग भ्रष्टाचार शुरू कर देते हैं। ऐसे लोगों से हमें सावधान रहने की जरूरत है। कुछ नेता ऐसे हैं, जिनके पास पहनने के कपड़े नहीं थे आज वह बड़ी-बड़ी कालोनियां काट रहे हैं। आखिर यह सब कहां से हो रहा है। जो लोग झोपड़ियां में रहते थे वह आज बड़े-बड़े आश्रम बना लिए हैं।

बीसलपुर क्षेत्र के अर्जुनपुर, कासिमपुर, गोवल पतिपुरा, नीवादांडी, मिघौना, खरगापुर, बौनी, दौलतपुर, अहिरवाड़ा, चुर्रा सकतपुर आदि गांव में जनसंवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह भी कहा कि उनकी ईमानदार राजनीति है। न मैंने कमीशन खाया और न ही किसी को खाने दिया। आप इसकी तुलना बहुत सारे स्थानीय नेताओं के साथ करके देख सकते हैं। जिनको मौका मिलता है वह अपनी जेबे इस कदर भरते हैं कि आप उनके जीवन में अंतर आसानी से देख सकते हैं। 

ऐसे लोग जो पहले मोटरसाइकिल चलाते हैं वह बड़ी गाड़ियों से चलने लगते हैं। मैं पैसे और ताकत को पूंजी नहीं मानता हूं। मैं आशीर्वाद और प्रतिष्ठा को ताकत मानता हूं।वरुण गांधी और मेनका गांधी के बारे में कोई राजनीतिक प्रतिद्वंदी भी नहीं कह सकता कि हमने कभी भी एक रुपया खाया है। मैं हमेशा जनहित के मुद्दों पर लड़ता आ रहा हूँ चाहे किसान आंदोलन हो, बेरोजगारी या अग्निवीर का मुद्दा, जिससे मुझे लगे कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ हो। कोई भी असली मुद्दों पर बात नहीं करना चाहता है। कोरोना काल के दौरान की गई मदद के बारे में भी बताया। यह भी कहा कि कोविड के दौरान मैंने अपनी बेटी की फिक्स्ड डिपॉजिट तोड़कर लोगों की मदद की। बरखेड़ा में चेयरमैन श्याम बिहारी भोजवाल आदि ने सांसद का स्वागत किया।

यह भी पढ़ें- पीलीभीत: निजी अस्पताल से हटा दिए बोर्ड, लटका रहा ताला...जांच टीम करती रही कार्रवाई 

संबंधित समाचार