अयोध्या: सपा मुखिया अखिलेश को जूता मारने की बात कह फंसे महंत राजूदास, भड़के सपाई
विवादास्पद बयानों से चर्चा में रहते हैं महंत, सपा प्रवक्ता ने किया पलटवार, बोले पहले इलाज कराएं महंत
अयोध्या, अमृत विचार। हनुमानगढ़ी के महंत राजूदास द्वारा सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को लेकर दिए गए बयान को लेकर खासा हंगामा खड़ा हो गया है। उनके बयान को लेकर समाजवादी पार्टी की ओर से तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की गई है।सोमवार को समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता स्वामी प्रसाद मौर्य पर जूता फेंके जाने की घटना पर महंत ने कहा था कि ' शीघ्र ही अखिलेश यादव पर भी जूता पड़ेगा'।
उन्होंने यहां तक कह दिया कि श्री रामचरित मानस पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले के साथ ऐसा ही होना चाहिए।उन्होंने कहा कि सपाई हिंदू और सनातन धर्म को गाली देने में अपना बड़प्पन समझते हैं। चेतावनी दी कि यदि इन नेताओं ने सनातन धर्म को गाली देना बंद नहीं किया तो इस तरह की घटनाएं होती रहेंगी।
समाजवादी पार्टी ने किया पलटवार, कहा हद में रहे राजूदास
महंत राजूदास द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर अभद्र टिप्पणी को लेकर सपा ने तीखा पलटवार किया है। सपा प्रवक्ता पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय पवन पांडेय ने कहा है कि राजूदास अपनी हद में रहे। सस्ती लोकप्रियता लेने के लिए अभद्र टिप्पणी न करें। उन्होंने कहा कि भगवा पहन लेने से कोई संत और महात्मा नहीं हो जाता, संत महात्मा बनने के लिए आचरण को अच्छा करना होता है।
उन्होंने जिला अस्पताल में राजू दास द्वारा किए गए रक्तदान पर उठाया सवाल, कहा जिला अस्पताल में साक्ष्य मौजूद हैं कि राजूदास किस बीमारी से ग्रसित हैं। उन्होंने कहा कि राजू दास जैसे लाखों लोग अखिलेश यादव की तरफ उंगली उठाने की हैसियत नहीं है। उन्होंने कहा कि इसके लिए राजूदास को पहले अपना इलाज कराना चाहिए और सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए।
यह भी पढ़ें:-सुलतानपुर: युवती ने फोन पर नहीं की बात तो सिरफिरे आशिक ने मारी गोली, इलाके में सनसनी
