बरेली: महिला अस्पताल रेजिडेंट के भरोसे, स्थाई डॉक्टर नदारद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। जिला महिला अस्पताल में प्रशिक्षण के लिए चार रेजिडेंट डॉक्टरों के आने के बाद स्थाई डॉक्टरों का ड्यूटी पर नजर आना बंद हो गया है। ओपीडी और आईपीडी दोनों जगह मरीजों को देखने की जिम्मेदारी रेजिडेंट डॉक्टरों को सौंप दी गई है। इसके बाद कुछ स्थाई डॉक्टर लंबी छुट्टी चले गए हैं। कुछ ने ड्यूटी से कन्नी काटनी शुरू कर दी है।

निजी मेडिकल कॉलेजों में पीजी करने के बाद महीना भर पहले चार स्त्री एवं प्रसूति रोग के चार डॉक्टरों को तीन महीने के प्रशिक्षण के लिए जिला महिला अस्पताल में भेजा गया था। ओपीडी, आईपीडी और लेबर रूम की जिम्मेदारी अब पूरी तरह इन्हीं डॉक्टरों के हवाले कर दी गई है और स्थाई डॉक्टरों ने ड्यूटी पर आना लगभग बंद कर दिया है। उगाही के आरोपों से घिरे रहने वाले ऑपरेशन थिएटर में ही रेजिडेंट डॉक्टरों को प्रवेश करने की मनाही है। महिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. पुष्पलता शमी का कहना है कि प्रशिक्षण के लिए रेजिडेंट डॉक्टरों की ओपीडी और लेबर रूम में ड्यूटी लगाई है। उनके साथ अस्पताल में तैनात एक डॉक्टर भी रहते हैं।

महिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड अब भी बंद, नहीं पहुंचे रेडियोलॉजिस्ट
 रेडियोलॉजिस्ट की कमी से जिला महिला अस्पताल में अब भी गर्भवती महिलाओं के अल्ट्रासाउंड नहीं हो पा रहे हैं। पिछले सप्ताह सीएमओ ने मीरगंज सीएचसी में तैनात एकमात्र रेडियोलॉजिस्ट को तीन दिन महिला अस्पताल में ड्यूटी करने का आदेश दिया था लेकिन वह भी नहीं पहुंचे।

जिले के स्वास्थ्य विभाग में दो ही रेडियोलॉजिस्ट थे जिनमें से महिला अस्पताल में तैनात एक रेडियोलॉजिस्ट का पिछले दिनों मुरादाबाद ट्रांसफर हो गया था। इसके बाद 20 दिन से ज्यादा समय से महिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड बंद हो गए हैं। दूसरे रेडियोलॉजिस्ट को अफसरों ने मीरगंज सीएचसी में तैनात कर रखा है जहां मशीन ही नहीं है।

महिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड न होने का मुद्दा उछलने के बाद सीएमओ ने मीरगंज में तैनात रेडियोलॉजिस्ट को सप्ताह में तीन दिन महिला अस्पताल में ड्यूटी करने का आदेश दिया था लेकिन वह अब तक नहीं पहुंचे हैं। महिला अस्पताल की सीएमएस ने बताया कि रेडियोलॉजिस्ट ने उन्हें फोन पर सूचना दी थी कि वह सोमवार को आएंगे।

ये भी पढे़ं- बरेली: पोर्टल पर डाटा अपलोड नहीं, 291 शिक्षकों का दो माह से अटका वेतन

 

 

संबंधित समाचार