बदायूं: पूर्व प्रधान ने बाइक से मारी टक्कर, तीन कांवड़िए घायल...लगाया जाम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गांव टिकलापुर के पास साइड से होने की बात कहने पर पूर्व प्रधान ने मारी टक्कर

बदायूं, अमृत विचार। गंगा जल लेकर लौट रहे कांवड़ियों को पूर्व प्रधान ने बाइक से टक्कर मार दी। जिससे तीन कांवड़िया घायल हो गए। कांवड़ियों ने बिनावर मार्ग पर जाम लगा दिया। एक घंटे तक जाम लगा रहा। पुलिस ने कांवड़ियों को समझाकर जाम खुलवाया। पूर्व प्रधान को हिरासत में लिया गया है।

थाना मूसाझाग क्षेत्र के गांव मनिकापुर कौर से लगभग 250 कांवड़िया ट्रैक्टर-ट्राली से डीजे लेकर कछला गए थे। शाम के समय वापस लौटकर आ रहे थे। कांवड़िया का जत्था गांव टिकलापुर के पास पहुंचा। पूर्व प्रधान दयाराम बाइक से गुजर रहे थे। कांवड़ियों ने उनसे साइड से जाने को कहा। पूर्व प्रधान भड़क गया और बाइक की स्पीड बढ़ाकर कांवड़ियों को टक्कर मार दी। जिसमें परमेश्वरी और जानकी गंभीर रूप से घायल हो गए। नन्हें लाल भी चोटिल हो गए। 

कांवड़ियों को टक्कर मारकर पूर्व प्रधान ने बाइक दौड़कर भाग गया। कांवड़ियों ने गांव टिकलापुर के पास बिनावर मार्ग पर जाम लगा दी। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची। कांवड़ियों को समझाया लेकिन वह और ज्यादा भड़क गए। पुलिस के खिलाफ ही नारेबाजी शुरू कर दी। पूर्व प्रधान की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। पुलिस ने पूर्व प्रधान को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। उसकी बाइक भी बरामद की। 

पुलिस ने कांवड़ियों को सूचना दी तो कांवड़िया आरोपी पूर्व प्रधान को मौके पर बुलाने की जिद करने लगे। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस ने जैसे-तैसे जाम खुलवाया। घायल परमेश्वरी और जानकी को जिला अस्पताल में भर्ती किया। जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। थानाध्यक्ष शिवेंद्र भदौरिया ने बताया कि कांवड़ियों से मारपीट हुई थी। एक कांवड़िया घायल हुआ था। जिसे भर्ती कराया गया है। अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।

यह भी पढ़ें- बदायूं: दीवार कूदकर घर में घुसा युवक, किशोरी से दुष्कर्म की कोशिश

संबंधित समाचार