लखनऊ: कारोबारी को ब्लैकमेल कर 55 लाख रुपये हड़पे, जानें मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। एक कारोबारी ने परिचितों पर घर बुलाकर चाय में नशीले पदार्थ मिलाकर बेसुध करने तथा एक महिला के संग आपत्तिजनक तस्वीरें लेने तथा ब्लैकमेल कर 55 लाख रुपये ऐंठने का आरोप लगाया। पीड़ित कारोबारी ने डीसीपी से शिकायत की। इसके बाद आशियाना थाने में दो महिलाओं समेत चार लोगों पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

आलमबाग कोतवाली के ईको गार्डन निवासी कारोबारी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कानपुर रोड के सेक्टर- जी निवासी रेनू त्रिवेदी ने साजिश के तहत उसे घर बुलाया। जहां पर मोनी तिवारी नामक एक महिला भी थी। पहुंचने पर रेनू ने उसे नशीली चाय पिलाई । जिससे वह बेसुध हो गया। इसके बाद मोनी तिवारी के संग उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें ली गई ।

इसके बाद दोनों महिलाओं ने साथी गौरव नारायण शर्मा और विजय जायसवाल की मदद से उसे ब्लैकमेल करते हुए रुपयों की मांग करते हुए उसकी अश्लील वीडियो और फोटोग्राफ को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। साथ ही दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी भी देने लगे। पीड़ित ने बताया कि आरोपितों ने उसकी पिटाई कर 22 हजार की नगदी और सोने-चांदी के आभूषण भी हड़प लिए।

पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने डरा धमकाकर कई किश्तों में 55 लाख कर ऐंठ लिए और 6 करोड़ रुपये और मांगे। पीड़ित ने शिकायत की लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। डीसीपी पूर्वी डॉ. हृदेश कुमार से मदद की गुहार लगाई। जिसके बाद आशियाना पुलिस ने दोनों महिलाओं समेत चार आरोपियों पर मुकदमा दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक अनिल पांडे ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें:-बहराइच: वायरल वीडियो का डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने लिया संज्ञान, जांच रिपोर्ट तलब

संबंधित समाचार