Kanpur News : प्रेमिका के शौक पूर करने को बन गए ठग, दो गिरफ्तार, PMO कार्यालय का अधिकारी बनकर दिखाते रौब
एसटीएफ ने पीएमओ कार्यालय का फर्जी अधिकारी किया गिरफ्तार।
एसटीएफ ने पीएमओ कार्यालय का फर्जी अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपी को साथी समेत लखनऊ से दबोचा। एसटीएफ ने आरोपियों के पास से माल बरामद किया।
कानपुर, अमृत विचार। केन्द्र व राज्य सरकार के विभिन्न पदों व पीएमओ कार्यालय का अधिकारी बनकर जनता के लोगों और विभिन्न सरकारी विभागों में रौब गांठकर ठगी करने वाले आरोपी व उसके साथी को एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया है।
एसटीएफ लखनऊ के उपाधीक्षक विमल कुमार सिंह ने इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि वाराणसी के थाना जन्सा ग्राम कतवारूपुर हाल पता पाइनियर ग्रीन सोसाइटी बिठूर निवासी संतोष सिंह उर्फ अभिषेक सिंह उर्फ अभी व उसके साथी बिठूर के पाइनियर ग्रीन सोसाइटी निवासी धर्मेन्द्र कुमार यादव को 20 अगस्त को बैंक ऑफ बडौदा रीजनल ऑफिस से होटल हयात रीजेन्सी की ओर जाने वाले रास्ते पर गोमती नगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि कई दिनों से एसटीएफ को सूचना को अभिषेक सिंह जो अपने को पीएमओ कार्यालय का अधिकारी बनकर आम जनता व विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों से रौब गांठकर ठगी करता है, उसकी सूचनाएं मिल रही थीं। जिसके बाद टीम को ठग के खिलाफ बिठूर थाने में धोखाधड़ी समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज होने की जानकारी हुई।
उन्होंने बताया कि अभियुक्त संतोष सिंह ने पूछताछ करने पर बताया कि वह केन्द्र व राज्य सरकार के विभिन्न महत्वपूर्ण पदों के अधिकारियों से जालसाजी और धोखाधड़ी करता है। रंगदारी वसूलकर शानौ शौकत जिंदगी जी रहा था। निजी सचिव, पीआरओ बनकर शासन प्रशासन के विभिन्न अधिकारियों तथा जनता के भोले भाले लोगों को अपने मोबाइल नम्बरों से कॉल कर धमकाता था।
मेडिकल कॉलेज में पढ़ाई कर रही प्रेमिका
बताया कि प्रेमिका मेडिकल कालेज मंधना बिठूर क्षेत्र में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही है। उसकी पढाई का पूरा खर्च इसी ठगी व रंगदारी के पैसों से देना पड़ता है। रामा मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल और उसके घर में भी रहती है।
ये की गई बरामदगी
एसटीएफ के अनुसार पकड़े गए ठगों के पास से दो आधार कार्ड, पैन कार्डं, एक एटीएम कार्डं, क्रेडिट कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, चार बैंक खाता चेकबुक, दो हेल्थ कार्ड, आठ मोबाइल, तीन कार, 5,465 नगद, एक एप्पल स्मार्ट वॉच, एक आईफोन इयरवर्ड्स बरामद हुआ है।
पायनियर ग्रीन सिटी में किराये पर रुका था ठग
स्वरूपनगर स्थित एमराल्ड गार्डन निवासी मेसर्स पायनियर कान्ट्राविल्ड कंपनी के निदेशक निखिल शर्मा ने बताया कि बिठूर सिंहपुर स्थित टाउनशिप पायनियर ग्रीन सिटी के विला नंबर 67 को अभिषेक सिंह नाम के युवक को किराए पर दिया था। इस दौरान उसका पायनियर ग्रीन सिटी स्थित ऑफिस में आना-जाना शुरू हो गया। उसने बताया कि वह प्रधानमंत्री कार्यालय का प्रतिनिधि है। साथ ही आईडी कार्ड भी दिखाया। उसके विला के बाहर होमगार्ड भी तैनात था।
क्यों दिए 20 लाख रुपये
निखिल ने बताया, कि अभिषेक की बातों से प्रभावित होकर उसे नवंबर 2022 से अब तक करीब 20 लाख रुपये दे चुका हूं जिसमें एप्पल कंपनी का मोबाइल फोन और एक लैपटॉप भी शामिल है। उन्होंने पैसे देने के पीछे का कारण बताते हुए कहा कि वह व्यापारिक काम को सही से चलने देने की बात पर पैसे दे रहे थे। पैसे देने से मना करने पर वह काम बंद करवाने की धमकी देता था। 12 अगस्त को उसने फिर दो लाख रुपये की मांग की। विरोध करने पर फर्जी मुकदमों में फंसाने की धमकी दी। जिसके बाद एफआईआर दर्ज कराई।
