रायबरेली: रात के अंधेरे में छलनी की जा रही सई नदी की गोदी, पुलिस की मिलीभगत से हो रहा खनन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मिट्टी खनन के माफियाओं के सामने पुलिस नतमस्तक

रायबरेली, अमृत विचार। राजघाट पुलिस चौकी शहर की अहम चौकी है और उनकी नाक के नीचे या यूं कहें कि उसकी मिलीभगत से मिट्टा की अवैध खनन हो रही है। बिना निर्देश और स्वीकृत के खनन माफिया सई नदी की गोदी को खोद रहे हैं। रात होते ही मिट्टी की खोदाई होती है और फिर उसे ट्रैक्टर ट्रालियों से दूसरी जगह पहुंचाया जाता है। यह काम हर दिन रात में होता है। एक तरह से राजघाट अवैध खनन का बड़ा केंद्र बन गया है।

खनन माफियाओं की कारगुजारी का एक वीडियो राजघाट चौकी क्षेत्र में वायरल हुआ है। वीडियो में साफ तौर से दिखाई दे रहा है कि रात होते ही खनन होता है और मिट्टी से लदी ट्रालियां सड़कों में फर्राटा भरती नजर आती है। राजघाट चौकी क्षेत्र में पुलिस की निगरानी तो है लेकिन वह किसी काम की नहीं है। खनन माफियाओं के साथ मिलकर सई नदी के आसापास के क्षेत्रों से मिट्टी का खनन कराया जा रहा है।

वहीं चौकी इंचार्ज के इशारे पर एक होमगार्ड चौकी क्षेत्र में वसूली को लेकर चर्चा का विषय बना हुआ है। सूर्यास्त होने के बाद मिट्टी से लदी ट्रैक्टर ट्रालियां सड़कों पर दौड़ने लगती है। खास बात यह है कि सभी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां चौकी के सामने से ही होकर गुजरती हैं लेकिन राजघाट चौकी की पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है। बताते हैं कि रात में क्षेत्र के हर भाग में जेसीबी और ट्रैक्टरों का शोर रहता है।

खनन माफिया की मदद कर रही पुलिस
सारा खेल पुलिस की मदद से संभव होता है। क्योंकि रात में राजस्व व खनन विभाग के अधिकारी सड़क पर नहीं होते है। केवल पुलिस का ही पहरा होता है और पुलिस की मदद से खनन माफिया सरकार को खासा चुना लगा रहे है।

बिना फिटनेस के दौड़ती हैं ट्रैक्टर ट्रॉलियां
जिले में जितने भी अवैध काम हो रहे हैं उसमें जो वाहन लगे हैं उन सभी की फिटनेस नहीं है। मतलब साफ है कि वाहनों में न तो नंबर रहते हैं और न ही लाइसेंस। यदि नंबर है तो वह धुंधले होंगे। 

आरटीओ की मेहरबानी से जरायमपेशा करने वाले बेफिक्र होकर अपने कारोबार को आगे बढ़ा रहे हैं। आरटीओ का हाल यह है कि वह स्कूली वाहनों को ही टारगेट करता है। डग्गामार वाहन और खनन के साथ अवैध कारोबार में लगे वाहनों पर उसकी नजर कभी नहीं पड़ती है।

ये भी पढ़ें:- लखनऊ : NHM संघ प्रतिनिधि मण्डल ने मिशन निदेशक से की मुलाकात, संविदाकर्मियों की गिनाई समस्या

संबंधित समाचार